मैं 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कसा तंज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
संसद के मानसून सत्र का आगाज सोमवार को हो गया। यह सत्र 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान कई महत्त्वपूर्ण विधेयकों को पेश करने की योजना है। संसद का सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की खिंचाई कर डाली। मानसून सत्र शुरू होने से पहले संसद परिसर में पीएम मोदी ने कहा कि देश की आर्थिक प्रगति, अंतरिक्ष क्षेत्र में मिली नई उपलब्धियों और युवाओं की क्षमता का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर भी परोक्ष निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने बिना नाम लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वह 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहे हैं।
संसद भवन परिसर में मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में निजी भारतीय अंतरिक्ष कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा विक्रम-1 रॉकेट के सफल प्रक्षेपण की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि ने दुनिया के सामने भारत के युवाओं की प्रतिभा और क्षमता का परिचय दिया है। पीएम मोदी ने बताया कि स्काईरूट की पूरी टीम की औसत आयु केवल 28 वर्ष है और ऐसे युवा देश को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘मैं 56 साल के युवा की बात नहीं कर रहा हूं।’ प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्त्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले मानसून सत्र से पहले एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचा था और अब एक भारतीय निजी स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में नई सफलता दर्ज की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

