विदेश जाने के इच्छुक युवाओं के लिए जरूरी खबर, अब सीबीटी मोड में होगा आईलेट्स एग्जाम

By: Jul 16th, 2026 11:22 pm

विदेश जाने के इच्छुक युवाओं के लिए जरूरी खबर; सितंबर, 2026 से पेपर मोड खत्म

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

यदि आप पढ़ाई या नौकरी के सिलसिले में विश जाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर बहुत जरूरी है। विदेशों में पढ़ाई या नौकरी के लिए सबसे विश्वसनीय इंटरनेशनल इंग्लिश लैंग्वेज टेस्टिंग सिस्टम (आईईएलटीएस) परीक्षा चार स्तरों सुनना, पढऩा, लिखना और बोलना पर अंग्रेजी की पकड़ जांचती है, जिसका स्कोर दो साल तक मान्य रहता है। आईडीपी एजुकेशन के अनुसार, भारत में सितंबर, 2026 से आईईएलटीएस की परीक्षा पेन-एंड-पेपर आधारित परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद, अभ्यर्थियों के पास परीक्षा देने के लिए केवल कम्प्यूटर आधारित (सीबीटी) मोड ही मौजूद रहेगा। लंबे समय से छात्र इस परीक्षा को पेन, पेंसिल और कागज के माध्यम से देने के आदी रहे हैं। जो उम्मीदवार कम्प्यूटर स्क्रीन के बजाय ऑफलाइन मोड में परीक्षा देना अधिक पसंद करते हैं, उनके पास अब सीमित अवसर बचे हैं। भारत में पेपर-बेस्ड टेस्ट देने के लिए आखिरी तीन तारीखें 25 जुलाई, छह अगस्त और 22 अगस्त 2026 निर्धारित की गई हैं।

इस समयसीमा के समाप्त होने के बाद, देश में केवल डिजिटल फॉर्मेट को ही मान्यता दी जाएगी। अकसर परीक्षा के डिजिटल होने की खबर सुनकर छात्र तनाव में आ जाते हैं, लेकिन आईडीपी एजुकेशन ने साफ किया है कि इस बदलाव से परीक्षा के स्तर पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। कम्प्यूटर आधारित परीक्षा में भी प्रश्नों का फॉर्मेट, कठिनाई का स्तर, परीक्षा की कुल अवधि (लगभग दो घंटे 45 मिनट) और स्कोरिंग क्राइटेरिया बिल्कुल पहले जैसा ही रहेगा। बोलना वाला टेस्ट पहले की तरह ही एक प्रमाणित आईईएलटीएस परीक्षक के साथ आमने-सामने बैठकर लाइव इंटरव्यू के रूप में ही आयोजित किया जाएगा। उन छात्रों की सहूलियत के लिए जो स्क्रीन पर तेजी से टाइप नहीं कर पाते या हाथ से लिखने में अधिक सहज हैं, आईडीपी एजुकेशन एक बेहतरीन हाइब्रिड मॉडल पेश कर रहा है। इसके तहत छात्र लिसनिंग और रीडिंग टेस्ट तो कम्प्यूटर पर दे सकेंगे, लेकिन वे अपने राइटिंग सेक्शन को हाथ से पेपर पर लिखने का विकल्प चुन सकते हैं।

महज पांच दिन के भीतर आएगा रिजल्ट

पेपर मोड में रिजल्ट आने में जहां लगभग दो हफ्ते लगते थे, वहीं कंप्यूटर परीक्षा का रिजल्ट मात्र एक से पांच दिन में आ जाएगा। स्क्रीन पर लाइव टाइमर दिखेगा, जिससे समय का सही मैनेजमेंट हो सकेगा। साथ ही, राइटिंग सेक्शन में उत्तरों को एडिट करना आसान होगा और लिसनिंग सेक्शन के लिए हेडफोन की मदद से बिल्कुल साफ ऑडियो सुनाई देगा। दुनिया भर के 140 से अधिक देशों में 11,000 से ज्यादा संगठनों द्वारा मान्यता प्राप्त इस परीक्षा का यह नया रूप छात्रों के लिए अधिक सुविधाजनक, पारदर्शी और तेज साबित होगा। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे अभी से कम्प्यूटर स्क्रीन और कीबोर्ड पर अभ्यास करना शुरू कर दें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App