श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान, जडेजा की वापसी, सारांश जैन को पहली बार मौका
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर शुभमन गिल के हाथों में रहेगी, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।
टीम चयन की सबसे बड़ी खबर अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टेस्ट टीम में वापसी रही। चोट के कारण लंबे समय से बाहर चल रहे जडेजा को फिट होने के बाद टीम में शामिल किया गया है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज साई सुदर्शन को भी टीम में जगह मिली है, हालांकि दोनों की उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगी।
इस दौरे के लिए मध्य प्रदेश के 33 वर्षीय ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया है। घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें राष्ट्रीय टीम में चयन के रूप में मिला है। वॉशिंगटन सुंदर की अनुपलब्धता के कारण चयनकर्ताओं ने सारांश पर भरोसा जताया है।
भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी और यह आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी।
भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अर्शदीप सिंह, सारांश जैन, देवदत्त पडिक्कल। (*फिटनेस क्लीयरेंस के अधीन)
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

