अमरीका की महंगाई रोकेंगे भारतीय, फेड की खास टीम में रघुराम राजन समेत तीन दिग्गजों को अहम जिम्मेदारी
एजेंसियां — वाशिंगटन
अमरीकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व ने अपनी मौद्रिक नीति और कामकाज की समीक्षा करने के लिए पांच नए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया है। फेडरल रिजर्व के नए चेयरमैन केविन वॉर्श ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन, हार्वर्ड विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्री राज चेट्टी और माइक्रोसॉफ्ट की कार्यकारी अधिकारी आशा शर्मा को इन टास्क फोर्स में नियुक्त किया गया है। ये लोग अमरीका में महंगाई पर काबू पाने के तरीके बताएंगे। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन फेड की बैलेंस शीट पॉलिसी की समीक्षा करेंगे। यह पैनल फेडरल रिजर्व की खरबों डॉलर के एसेट्स और मौद्रिक नीति पर उनके असर का आकलन करेगा, ताकि यह समझा जा सके कि महंगाई पर काबू पाने में ये कितने मददगार हैं। दिल्ली में जन्मे और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के फेमस अर्थशास्त्री राज चेट्टी को डाटा टास्क फोर्स में नियुक्त किया गया है।
इस पैनल में डग मैकमिलन और शिकागो विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्री केविन मर्फी भी शामिल हैं। यह टास्क फोर्स फेडरल रिजर्व की नीतिगत निर्णयों में उपयोग किए जाने वाले आर्थिक डाटा की गुणवत्ता और समयबद्धता में सुधार पर ध्यान केंद्रित करेगी। चेट्टी को रियल टाइम और प्रशासनिक डेटा का उपयोग करके इकोनामिक मोबिलिटी, असमानता और लेबर मार्केट का अध्ययन करने के लिए जाना जाता है। माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट और एक्सबॉक्स की सीईओ आशा शर्मा को इस महत्त्वपूर्ण पैनल में जगह मिली है। यह ग्रुप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य नई तकनीकों का देश की उत्पादकता, जॉब्स और आर्थिक विकास पर पडऩे वाले असर का मूल्यांकन करेगा। फेड चेयरमैन केविन वॉर्श के मुताबिक, इन कार्यबलों का उद्देश्य फेडरल रिजर्व के काम में पारदर्शिता लाना और नए विचारों को शामिल करना है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

