चीन की खुफिया नजर से बढ़ी भारत की टेंशन, 5000 KM रेंज वाला एलपीएआर राडार किया एक्टिव
अब भारत के हर मिसाइल टेस्ट को टै्रक कर सकता है ड्रैगन
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
भारत और चीन में तनाव के बीच चीन ने म्यांमार सीमा से लगे अपने यूनान प्रांत में लार्ज फेस्ड एरे राडार (एलपीएआर) चालू कर दिया है। इस राडार की रेंज 5,000 किलोमीटर से ज्यादा है। दावा है कि यह भारत के मिसाइल टेस्टों को ट्रैक करने और हिंद महासागर के बड़े हिस्से पर नजर रखने में सक्षम है। ऐसे में इसे भारत की सुरक्षा के लिहाज से चिंता का विषय माना जा रहा है। यह राडार दूर से ही बैलिस्टिक मिसाइल का पता लगा सकता है, उसकी उड़ान पर नजर रख सकता है और उसकी जानकारी जुटा सकता है। इसकी रेंज 5,000 किलोमीटर से ज्यादा है। इसके जरिए चीन भारत के पूर्वी हिस्से, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के बड़े इलाके पर नजर रख सकता है।
यह राडार ओडिशा के डा. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से होने वाले मिसाइल टेस्टों को भी ट्रैक कर सकता है। भारत यहीं से अग्नि-5, के-4 और दूसरी आधुनिक मिसाइलों का टेस्ट करता है। अगर किसी देश को इन मिसाइलों की उड़ान और दूसरी तकनीकी जानकारी मिल जाए, तो वह अपनी रक्षा तैयारियों को उसी हिसाब से मजबूत कर सकता है। रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि मिसाइल टेस्ट के दौरान मिलने वाला डाटा किसी भी देश के लिए काफी अहम होता है। इससे मिसाइल की क्षमता का अंदाजा लगाया जा सकता है और उसके खिलाफ नई रक्षा सिस्टम तैयार करने में मदद मिल सकती है। यही वजह है कि चीन के इस नए राडार को भारत के लिए एक नई रणनीतिक चुनौती माना जा रहा है।
हिंद महासागर पर भी नजर रखने में सक्षम
यूनान में इस राडार की लोकेशन ऐसी है कि चीन बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर के बड़े हिस्से की निगरानी भी कर सकता है। हिंद महासागर भारत के लिए बेहद अहम है। यहां भारतीय नौसेना की मजबूत मौजूदगी है। दुनिया के कई बड़े समुद्री व्यापार मार्ग भी यहीं से गुजरते हैं। ऐसे में इस इलाके में चीन की बढ़ती निगरानी भारत की चिंता बढ़ा सकती है। चीन के पास पहले से ही शिनजियांग और कोरला में ऐसे लंबी दूरी के राडार मौजूद हैं। अब यूनान में नया एलपीएआर राडार चालू होने के बाद उसकी निगरानी क्षमता और बढ़ गई है। रक्षा मामलों के जानकार मानते हैं कि आने वाले समय में भारत को अपनी एंटी-सर्विलांस तकनीक और रक्षा तैयारियों को और मजबूत करना पड़ सकता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

