कर्मचारियों और पेंशनरों का डेढ़ करोड़ तक का बीमा
कॉरपोरेट सैलरी पैकेज लागू करने के लिए बिजली बोर्ड का सात बैंकों के साथ एमओयू साइन
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
राज्य बिजली बोर्ड के 43 हजार कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए खुशखबरी है। इन सभी को अब 30 लाख से डेढ़ करोड़ रुपए तक का बीमा सुरक्षा कवच मिलेगा। इसके लिए बोर्ड प्रबंधन ने सात बैंकों के साथ कॉरपोरेट सैलरी पैकेज लागू करने के लिए एमओयू साइन कर दिया है। मंगलवार को बिजली बोर्ड के चेयरमैन डा. प्रबोध सक्सेना की मौजूदगी में यह प्रक्रिया हुई है। बहरहाल बोर्ड अब बोर्ड के कर्मचारियों और पेंशनरों को बेहतर बैंकिंग सुविधाओं के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के बीमा सुरक्षा और अन्य वित्तीय सेवाएं मिल सकेगी।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को विद्युत भवन शिमला में आयोजित कार्यक्रम में एचपीएसईबीएल के अध्यक्ष डा. प्रबोध सक्सेना की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस दौरान निदेशक (वित्त) श्रवण कुमार मांटा, कार्यकारी निदेशक (कार्मिक) ईशा ठाकुर, बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बोर्ड की ओर से मुख्य लेखा परीक्षक अर्जुन सिंह ठाकुर ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इन बैंकों के माध्यम से कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी सुविधा के अनुसार सैलरी अकाउंट पैकेज चुनने का विकल्प मिलेगा।
इन बैंको के साथ समझौता
आईसीआईसीआई बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक और कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के साथ समझौता हुआ है।
ये लाभ मिलेंगे
निदेशक (वित्त) श्रवण कुमार मांटा ने कहा कि कई बैंकों को पैनल में शामिल किए जाने से कर्मचारियों और पेंशनरों को अपनी जरूरत के अनुसार बेहतर बैंकिंग सुविधाएं चुनने की स्वतंत्रता मिलेगी। योजना के अनुसार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, स्थायी पूर्ण दिव्यांगता बीमा, स्थायी आंशिक दिव्यांगता बीमा और टर्म लाइफ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

