कुल्लू जेई मर्डर केस: हत्या में शामिल लेडी डॉक्टर सहित चार लोग गिरफ्तार

By: Jul 30th, 2026 11:58 am

मोहर सिंह पुजारी—कुल्लू

जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता लाभ सिंह गुलेरिया हत्याकांड में कुल्लू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही एसआईटी टीम घटना में संलिप्त लोगों तक पहुंच गई है और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में लेडी डॉक्टर, जो कुल्लू अस्पताल में तैनात हैं, वहीं मामले में संलिप्त महिला डॉक्टर के पति कर्ण ठाकुर, देवर दिनेश ठाकुर और ससुर विजय ठाकुर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच को और तेज कर दिया है। एसपी कुल्लू मदन लाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि 24 जुलाई को मारपीट हुई थी। अगले दिनन 25 जुलाई को पुलिस थाना कुल्लू में जेई की पत्नी कान्ता देवी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2) और 115(2) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

शिकायत के अनुसार उनके पति लाभ सिंह गुलेरिया, जो जलशक्ति विभाग में कनिष्ठ अभियंता के पद पर कार्यरत थे। जलशक्ति विभाग के कार्यालय से कुछ दूरी पर सडक़ किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर रैफर किया गया, जहां 26 जुलाई को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) भी जोड़ दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी कुल्लू की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण कराया, आरएफएसएल मंडी की टीम से साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया तथा कॉल डिटेल रिकॉर्ड, ग्राहक आवेदन प्रपत्र और डंप डाटा सहित तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी जांच के आधार पर एसआईटी टीम मामले में संलिप्त लोगों तक पहुंचने में सफल रही है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, फोरेंसिक रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष, वैज्ञानिक और गहन जांच कर रही है तथा पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App