कर्नाटक के शाश्वत चैंपियन, 14190 फुट ऊंचा हामटा पास पार कर जीती हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट
निजी संवाददाता— मनाली
कर्नाटक के शाश्वत राव ने 39 किलोमीटर हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट 2026 जीत ली है। वह 14190 फुट ऊंचे हामटा पास को पार कर पांच घंटे 10 मिनट में छत्तड़ू से मनाली पहुंचे। पार्थ जोशी सात घंटे 22 मिनट का समय लेकर दूसरे, जबकि गुजरात के निशाद नौ घंटे 23 मिनट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं में मनाली की नताशा महर ने बाजी मारी। इस प्रतियोगिता में वह इकलौती प्रतिभागी थीं। उन्होंने सात घंटे 42 मिनट का समय लिया। हिमालयन एक्सट्रीम स्पोट्र्स एसोसिएशन के आयोजक प्रवीण सूद पिंटू ने बताया कि इस इवेंट को हिमाचल टूरिज्म, कुल्लू जिला प्रशासन और अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड एलाइड स्पोट्र्स का पूरा सहयोग मिला।
एसडीएम मनाली गुनजीत चीमा ने विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने 39 किमी हिमालयन एक्सट्रीम ट्रेल रनिंग फेस्ट का आयोजन करने के लिए हिमालयन एक्सट्रीम स्पोट्र्स एसोसिएशन को बधाई दी। एमर्जेंसी मेडिकल मदद रैपिड टैक्टिकल ने दी, जबकि एडवेंचर टूअर ऑपरेटर्स एसोसिएशन मनाली की खास माउंटेन सर्च और रेस्क्यू टीमें ऊंचाई वाले अहम और मुश्किल रास्तों पर तैनात थीं। इस बड़े इवेंट में देश भर के 35 बेहतरीन प्रो एथलीट शामिल हुए।
वर्टिकल दौड़ में सुमित अव्वल
पांच किमी वर्टिकल दौड़ में सुमित ने एक घंटा एक मिनट का समय लेकर पहला, पार्थ जोशी ने एक घंटा दो मिनट का समय लेकर दूसरा व निशाद ने एक घंटा दो मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया।
18 किमी की दौड़ में दिल्ली के सचिन और मनाली के सुमित प्रथम
18 किमी लंबी छीका जोबड़ी दौड़ में दिल्ली के सचिन शर्मा व मनाली के सुमित मालिक पहले स्थान पर रहे। उन्होंने दो घंटे 48 मिनट का समय लिया। तनवेश सिंह ने तीन घंटे 28 मिनट का समय लेकर दूसरा व नग्गर निवासी वैभव पुरोहित ने तीन घंटे 34 मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के वर्ग में शिवी ने तीन घंटे 34 मिनट का समय लेकर पहला, सीमा ने चार घंटे 45 मिनट समय लेकर दूसरा व आर्या ने पांच घंटे चार मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान झटका।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

