फूलों से सजेगा ललड़ी का प्राचीन ऐतिहासिक तालाब
ललड़ी में प्राचीन ऐतिहासिक तालाब का जीर्णोद्धार करने में जुटी नई पंचायत
स्टाफ रिपोर्टर – हरोली
विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ललड़ी में नई पंचायत ने कुर्सी संभालते ही प्राचीन ऐतिहासिक तालाब का जीर्णोद्धार करना शुरू कर दिया है। आने जाने वाले राहगीर का स्वागत यहां गंदगी युक्त तालाब के सम्राज्य से होता था। वहीं, अब इसी स्थान पर सौंदर्य से परिपूर्ण फूलों से सजे आकर्षक स्थान पर होगा। प्राचीन तालाब को चकाचक करने के लिए सफाई अभियान का कार्य शुरू कर दिया गया है।
पिछले काफी लंबे समय से यह तालाब जलीय वनस्पति का घर बना हुआ था और इसके कारण तालाब के आस पास का क्षेत्र भी गांव की खूबसूरती को खराब कर रहा था, लेकिन अब नई ग्राम पंचायत द्वारा शपथ के बाद एक प्रस्ताव पास कर इस तालाब को साफ करके इसके स्वच्छ पानी को सिंचाई योग्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में तालाब की सफाई का कार्य विशेष कर्मियों द्वारा करवाया जा रहा है। ग्राम पंचायत प्रधान अंजना बाला ने बताया कि यह तालाब कभी गांव की शान हुआ करता था और प्राचीन काल में इसका पानी पशु पक्षियों के साथ साथ अन्य भी कई कार्यों में प्रयुक्त होता था। जिसे देखते हुए नई पंचायत इसमें सफाई अभियान चला रही है। ताकि मछलियों को भी बचाया जा सके और तालाब का नवीनीकरण सौंदर्यीकरण हो सके और गांव फिर से सुंदर बने।
ग्रामीणों ने बांधे तारीफों के पुल
उपप्रधान रघुवीर सिंह और ग्राम वासियों ने अंजना बाला के नेतृत्व में नई पंचायत द्वारा लिए गए निर्णय और विकास कार्यों की खुलकर प्रशंसा की और ऐसे कार्यों से गांव में सकारात्मक सोच का संदेश भी जन जन तक पहुंच रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

