कसौली में घर में घुसा तेंदुआ, इलाके में दहशत
निजी संवाददाता-सोलन
कसौली क्षेत्र के ब्रूरी के नजदीक सडक़ किनारे स्थित जीत सिंह ठाकुर के घर में शुक्रवार को एक तेंदुआ घुस जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग को तुरंत अवगत कराया गया, जिसके बाद शिमला से वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई और तेंदुए को सुरक्षित पकडऩे के लिए अभियान शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने आसपास के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल रेस्क्यू टीम पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकडऩे के प्रयास जारी हैं। प्रशासन ने लोगों से सहयोग करने और इस सूचना को आसपास के क्षेत्रों में भी साझा करने का आग्रह किया है।
तेंदुए के घर में घुसते ही सहमे ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुए के घर में घुसने की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। लोगों ने तुरंत अपने बच्चों और पालतू पशुओं को घरों के अंदर सुरक्षित कर लिया। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले भी तेंदुए की आवाजाही देखी गई है, लेकिन पहली बार वह किसी रिहायशी मकान में घुसा है। उन्होंने वन विभाग की टीम से जल्द से जल्द तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू करने की मांग की है। साथ ही लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की भी अपील की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

