कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
नई दिल्ली। लोकसभा में गुरुवार को कांग्रेस सदस्यों के सदन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को बुधवार को अपना वक्तव्य पूरा न करने देने के विरोध और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई का आदेश देने वाले का नाम उजागर करने की मांग करते हुए भारी हंगामा करने के कारण कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्न काल शुरू होते ही कांग्रेस सदस्य अपने-अपने स्थानों पर खड़े हो गये और शोरगुल करने लगे। वे राहुल गांधी को सदन में अपना वक्तव्य पूरा न करने देने के विरोध में हंगामा कर रहे थे। वे 20 जुलाई को संसद भवन के निकट प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई का आदेश देने वाले का नाम उजागर करने की भी मांग कर रहे थे।
अध्यक्ष ओम बिरला ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा कि प्रश्न काल बहुत महत्वपूर्ण है। वे सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करें। इस तरह हंगामा करके कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है। उनकी अपील का शोरगुल कर रहे कांग्रेस सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ। इस पर श्री बिरला ने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि बुधवार को राहुल गांधी के लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान उनके वक्तव्य में की गयी उनकी टिप्पणी का सत्ता पक्ष के सदस्यों ने जोरदार विरोध किया था, जिससे उनकी बात पूरी नहीं हो सकी थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

