Mandi: पुंघ फोरलेन पर वोल्वो बस से 143.180 ग्राम चिट्टा बरामद, कुल्लू के युवक-युवती गिरफ्तार

By: Jul 28th, 2026 12:19 pm

गगन शर्मा, सुंदरनगर

मंडी पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस थाना सुंदरनगर की टीम ने मंगलवार को पुंघ फोरलेन क्षेत्र में नाकाबंदी एवं वाहन जांच के दौरान बड़ी सफलता हासिल की। बिलासपुर से मंडी की ओर आ रही एक वोल्वो बस की तलाशी लेने पर दो यात्रियों के कब्जे से 143.180 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया। इस संबंध में पुलिस थाना सुंदरनगर में एफआईआर संख्या 172/2026, दिनांक 28 जुलाई 2026 को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले में हनीश ठाकुर निवासी जिला कुल्लू तथा अंशिता नेगी निवासी मनाली, जिला कुल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। बरामद मादक पदार्थ के स्रोत तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता का पता लगाया जा रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है और ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App