मिंजर की शामें होंगी सुरों से गुलजार

By: Jul 26th, 2026 12:50 am

गिप्पी ग्रेवाल, जस्सी गिल, असीस कौर और यासिर देसाई सहित हिमचली गायक बिखेरेंगे संगीत का जादू

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-चंबा
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्याओं के प्राइम टाइम में इस मर्तबा पंजाबी गायक गिप्पी ग्रेवाल, जस्सी गिल व बबल राय, असीस कौर व वालीबुड गायक यासिर देसाई सुरीली आवाज के रंग भरेंगें। मिंजर मेले की तीन नाइटों में पंजाबी गायक लोगों का मनोरंजन करेंगें। इसके अलावा सांस्कृतिक संध्याओं में हिमाचली गायक ईशांत भारद्वाज, पीयूष राज, काकू राम ठाकुर, सुनील राणा, कुलदीप शर्मा भी प्रस्तुतियां देंगे। यह जानकारी अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने दी। 26 जुलाई को प्रथम सांस्कृतिक संध्या में इशांत भारद्वाज प्रस्तुति देंगे। 27 जुलाई दूसरी सांस्कृतिक संध्या में सुनील राणा अपना कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 28 जुलाई को तीसरी सांस्कृतिक संध्या में कुलदीप शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे। 29 जुलाई को चौथी सांस्कृतिक संध्या में यासिर देसाई लोगों का मनोरंजन करेंगे। 30 जुलाई को मेले की पांचवी सांस्कृतिक संध्या में अंकुश भारद्वाज अपनी प्रस्तुति देंगे। 31 जुलाई को छठी सांस्कृतिक संध्या में जस्सी गिल और बबल राय कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि पहली अगस्त को सातवीं सांस्कृतिक संध्या में असीस कौर तथा 2 अगस्त को मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में गिप्पी ग्रेवाल लोगों का मनोरंजन करेंगे। इसके अलावा अरविंद कुमार, गुलशन पाल, करण, नरेन्द्र महाजन, भूपेश तूर, अजीत भटट एंड पार्टी, अनुज शर्मा, जितेंद्र पंकज शर्मा, नरेन्द्र कुमार निट्टू, भावना जरयाल, नवीन और शिव कुमार एंड पार्टी भी सांस्कृतिक संध्याओं में अपनी प्रस्तुतियों से रंग भरेगें।

इसके साथ ही लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उददेश्य से हिमाचल प्रदेश के अलावा विभिन्न क्षेत्रों से सांस्कृतिक दल भी मिंजर मेले के सांस्कृतिक मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने बताया कि इस बार मिंजर मेले को आकर्षक बनाने के लिए कई नए इवेंट आयोजित किए जा रहे हैं। मेले के शुभारंभ मौके पर ऐतिहासिक चौगान में स्वयं सहायता समूह व आंगनबाडी कार्यकर्ताओं के बीच नाटी प्रतियोगिता करवाई जाएगी। विजेता टीम को 51 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। मेले के दौरान नुक्कड नाटकों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा। मिंजर मेले के दौरान स्वयं सहायता समूह मेला भी आयोजित किया जा रहा है। इसमें स्वयं सहायता समूह की सदस्यों को हस्त निर्मित उत्पाद बेचने के लिए सोलह स्टाल उपलब्ध करवाए जाएंगें। एडीएी अमित मैहरा ने कहा कि इस बार मिंजर मेले के दौरान पुस्तक मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। इसके साथ मेले के समापन मौके की शोभायात्रा को आकर्षक बनाने को लेकर भी प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता मेले का शुभारंभ करेंगे। समापन मौके पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।

मिंजर मेले में शतरंज का रोमांच, 28 से 30 जुलाई तक होगी अंतरराष्ट्रीय चैस चैंपियनशिप, कल तक होगा पंजीकरण
चंबा। जिला चंबा चैस एसोसिएशन और मिंजर मेला कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में 12वीं अंतरराष्ट्रीय मिंजर फेयर चैस चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 28 से 30 जुलाई तक किया जा रहा है। यह जानकारी एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. संजीव सूरी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए पंजीकरण करवाने की तिथि 27 जुलाई रहेगी। निर्धारित तिथि तक पंजीकरण न कराने वाले किसी भी खिलाडी को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रतियोगिता में सीनियर ओपन (पुरुष एवं महिला), महिला ओपन, अंडर-7, अंडर-11, अंडर-19 और ब्लिटज ओपन के मुकाबले करवाएं जाएंगें। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिंह देकर सम्मानित किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App