राम मंदिर चंदा चोरी मामले में बयान दें मोदी : कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा चोरी मामले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बयान देने की मांग करते हुए कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने रविवार को यहां एक बयान में कहा कि राम मंदिर में’ चोरी हुई है और इस पर किसी तरह का कोई संदेह या विवाद नहीं है।
उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के बयान को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जो लोग दूसरों को ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रवाद के प्रमाणपत्र देते थे, वे आज स्वयं रंगे हाथों पकड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि हजारों करोड़ रुपये के चंदे का गबन और दुरुपयोग किया गया है। इस पूरे मामले की जांच उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से कराई जानी चाहिए तथा सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
जयराम रमेश ने कहा कि पीएम मोदी ने 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर के उद्घाटन का श्रेय लिया था और लोकसभा चुनाव से पहले इसका राजनीतिक लाभ उठाया था। उन्होंने कहा कि बाद में भाजपा अयोध्या लोकसभा सीट हार गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को इस पूरे मामले पर देश के सामने अपना बयान देना चाहिए।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

