ऊना में मानसून का कहर…घरों में घुसा पानी, खेत भी डूबे

By: Jul 6th, 2026 12:03 am

खड्डों में उफान से गाडिय़ां फंसी, पर जान-माल का नुकसान न होने से राहत

स्टाफ रिपोर्टर-ऊना
जिले में रविवार की सुबह हुई 14.2 एमएम बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत पहुंचाई, वहीं किसानों और कृषि कारोबार के लिए भी यह बारिश काफी लाभदायक साबित हुई। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोग बारिश के बाद सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए। हालांकि तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी देखने को मिली। बारिश के चलते शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। कुछ शैक्षणिक संस्थानों के परिसर में पानी घुस गया, जबकि कई स्थानों पर लोगों के घरों में भी बारिश का पानी पहुंच गया।

इससे लोगों को सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खेत-खलिहान भी पानी से लबालब भर गए, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली। किसानों का कहना है कि यह बारिश मक्की और अन्य खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद रहेगी। तेज बारिश के कारण क्षेत्र की कई खड्डों और नालों में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया।

नदी में फंसी पिकअप

सुबह के समय हुई तेज बारिश के दौरान नदियों व खड्डों में बाढ़ उफान पर रही। इस दौरान नंदपुर कुठेड़ा में नदी के बीच एक पिकअप फंसी गई । हालांकि गणिमत यह रही कि कोई भी जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पिकअप को अगला हिस्सा पूरा पानी के बीच डूब गया।

टक्का स्कूल जलमग्न

बारिश के कारण टक्का स्कूल परिसर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बरसात के मौसम में जलमग्न हो गया। कई वर्षों से लगातार चल रही इस समस्या का अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। इसके कारण स्कूल विद्यार्थियों की जहां शिक्षा प्रभावित हो रही है तो दूसरी तरफ स्कूल के भवन की मुनियाद कम होती जा रही है।

अंब में घरों में घुसा बरसात का पानी

अंब। पंचायत कुठियाड़ी के वार्ड नंबर 3 व 4 के कुछ घरों में पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पंचायत उपप्रधान मनीष कुमार, वार्ड नंबर 3 की सदस्य रीमा देवी सहित संबन्धित वार्डों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पंचायत प्रतिनिधियों ने जेसीबी और पानी निकासी के लिए आवश्यक मशीनरी की व्यवस्था कर प्रभावित क्षेत्रों से पानी निकालने का कार्य शुरू कराया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से लोगों को काफी राहत मिली और जलभराव की समस्या पर नियंत्रण पाया गया। ग्रामीणों ने पंचायत प्रतिनिधियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत कार्य शुरू होने से नुकसान को काफी हद तक टाला जा सका। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंचायत पूरी तरह सतर्क है तथा जरूरत पडऩे पर तुरंत राहत कार्य किए जाएंगे। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि समस्या का स्थाई हल करने के लिए एन.एच.ए.आई. के अधिकारियों ने सूचित किया गया है। गौरतलब है कि अम्ब ऊना हाईवे पहले एनएच विभाग के अधीन था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App