ददाहू में जोरदार बारिश से आधा दर्जन से ज्यादा मकानों को नुकसान, 26 सडक़ें बंद
कार्यालय संवाददाता-नाहन
जिला सिरमौर में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 25 मिलीमीटर वर्षा ददाहू में दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण ददाहू तहसील के सवाड़ा-नवासी, बाड़थल और मधाना गांवों में आधा दर्जन से अधिक पक्के मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। प्रभावित मकानों में रामेश्वर शर्मा, सतिंद्र सिंह, विक्रम सिंह, विजय पाल, अरुण कुमार, कमलेंद्र सिंह तथा बजिंद्र सिंह के घर शामिल हैं। प्रशासन की ओर से संबंधित हल्का पटवारी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। वहीं, संगड़ाह उपमंडल के कुफर-कायरा गांव में लक्ष्मी सिंह का कच्चा मकान भारी बारिश के चलते पूरी तरह ढह गया। जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में जुटा है। बारिश के चलते जिले में लोक निर्माण विभाग की 26 सडक़ें भी अवरुद्ध हो गई हैं।
.पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि संगड़ाह मंडल में 13, नाहन में आठ, पांवटा साहिब में दो, सराहां में दो और राजगढ़ में एक सडक़ यातायात के लिए बंद हुई है। विभाग को अब तक करीब 25 करोड़ का नुकसान हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में ददाहू में 25 मिमी, शिलाई में 16 मिमी, नौहराधार में 15 मिमी, संगड़ाह में नौ मिमी, पांवटा साहिब में आठ मिमी तथा नाहन में सात मिमी वर्षा दर्ज की गई। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

