चार साल में ही उखड़ी नौणी ब्रह्मपुखर-राजपुरा सडक़
दो किलोमीटर तक सडक़ की हालत खस्ता, लोगों ने दी आंदोलन की चेतावनी
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
जिला बिलासपुर के अंतर्गत नौणी-ब्रहमपुखर से राजपुरा को जोडऩे वाली करीब दो किलोमीटर सडक़ की हालत दयनीय हो गई है। इस सडक़ पर सफर करना खतरे से खाली नहीं है। जिसके चलते स्थानीय ग्रमीणों ने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ रोष जताया है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कि वर्ष 2022 में उद्घाटन के बाद से ही सडक़ की गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण आज यह मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे पड़े हुए हैं और कई हिस्सों से यह सडक़ उखड़ चुकी है। हालात ऐसे हैं कि दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही तो मुश्किल हो ही गई है, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है। बरसात के दिनों में सडक़ पर पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, मरीजों और किसानों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस दो किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण और मरम्मत कार्य अब तक तीन अलग-अलग ठेकेदारों द्वारा किया जा चुका है, लेकिन सडक़ की स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर कभी गंभीरता से निगरानी नहीं की गई। अब विभाग ने एक और ठेकेदार को टेंडर आवंटित किया है, लेकिन अभी तक कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में निराशा और नाराजगी बढ़ रही है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सूरम सिंह ठाकुर ने बताया कि पहले वाला ठेकेदार काम छोडक़र चला गया था। जिस कारण अब इसका दोबारा से टेंडर लगा दिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही काम शुरू करवा दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

