रोटरी क्लब नाहन की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

By: Jul 6th, 2026 12:02 am

पदस्थापना समारोह में डा. राजीव बिंदल रहे मुख्यातिथि, समाजसेवा में योगदान देने वाली हस्तियां सम्मानित

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
रोटरी क्लब नाहन और इन्नरव्हील क्लब नाहन का संयुक्त पदस्थापना समारोह रविवार को नाहन में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में भाजपा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल मुख्यातिथि और कालाअंब के उद्योगपति अजय गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रोटेरियन संदीप शर्मा ने वर्ष 2026-27 के लिए रोटरी क्लब नाहन के अध्यक्ष पद की शपथ ली। इसके अलावा रोटेरियन नवनीत गुप्ता ने सचिव तथा रोटेरियन अमनदीप सिंह ने कोषाध्यक्ष का कार्यभार संभाला। नई कार्यकारिणी ने समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्रों में प्रभावी योजनाएं संचालित कर क्लब की सेवा गतिविधियों को नई दिशा देने का संकल्प लिया। मुख्यातिथि डा. राजीव बिंदल ने रोटरी क्लब नाहन द्वारा वर्षों से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी जैसी संस्थाएं नि:स्वार्थ सेवा, जनकल्याण और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने नई टीम को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। विशिष्ट अतिथि अजय गर्ग ने भी क्लब की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे संगठन समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। समारोह के दौरान समाजसेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई हस्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें रेडक्रॉस सोसायटी के राम सिंह, प्रो. अमर सिंह, योग गुरु गिरीश शर्मा, डा. पीटर डिसूजा, सीए निकुंज बंसल, सीए तुषार गुप्ता और सीए शिव कुमार शामिल रहे। सभी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के इवेंट चेयरमैन रोटेरियन ललित शर्मा ने सहयोग करने वाले सभी सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया, जबकि चार्टर सदस्य रोटेरियन सुरेंद्र सैनी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। समारोह का समापन फेलोशिप, आपसी संवाद और रात्रि भोज के साथ हुआ।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App