पैरामेडिकल रजिस्ट्रेशन के बजाय NOC लें, भारत सरकार ने ‘वन नेशन वन रजिस्ट्रेशन’ पोर्टल के कारण रोका पंजीकरण
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश में पैरामेडिकल काउंसिल से रजिस्ट्रेशन न होने से परेशान हो रहे युवाओं के लिए एक राहत भरी खबर है। दरअसल, वन नेशन-वन रजिस्ट्रेशन पोर्टल बनाने के लिए भारत सरकार के हैल्थ एंड हैल्थ केयर मंत्रालय ने रजिस्ट्रेशन को पोर्टल फाइनल होने तक रोक रखा है। इस कारण राज्य चयन आयोग की भर्ती में नए डिग्री धारक बिना रजिस्ट्रेशन आवेदन नहीं कर पा रहे। जबकि आरसीए से निकले विभिन्न श्रेणियों के 260 पदों पर आवेदन की आखिरी तारीख 25 जुलाई है। हालांकि, इन भर्तियों के बीच सबसे बड़ी समस्या यह थी कि प्रदेश में पैरामेडिकल काउंसिल में नए पंजीकरण फिलहाल बंद हैं। रजिस्ट्रेशन बंद होने से हजारों अभ्यर्थियों के सामने भर्ती में आवेदन करने का संकट खड़ा हो गया था।
इस स्थिति को देखते हुए हिमाचल प्रदेश स्टेट एलाइड हैल्थ केयर काउंसिल ने अंतरिम व्यवस्था के तहत अनापत्ति प्रमाण पत्र एनओसी जारी करने का निर्णय लिया है। काउंसिल द्वारा जारी एनओसी के आधार पर अभ्यर्थी राज्य चयन आयोग की पैरामेडिकल भर्तियों के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे रजिस्ट्रेशन न होने के बावजूद पात्र उम्मीदवार भर्ती प्रक्रिया से वंचित नहीं होंगे।
ई-मेल से करें आवेदन
स्टेट एलाइड हैल्थ केयर काउंसिल के चेयरमैन विनोद चौहान ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है, वे काउंसिल की ई-मेल आईडी पर एनओसी के लिए आवेदन भेज सकते हैं। इसके बाद वे उसी एनओसी के आधार पर राज्य चयन आयोग की वेबसाइट पर संबंधित पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था केवल इसलिए की गई है ताकि केंद्र सरकार के नए रजिस्ट्रेशन पोर्टल के सक्रिय होने तक किसी भी योग्य अभ्यर्थी को भर्ती प्रक्रिया से वंचित न होना पड़े।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

