फुटपाथ पर खुले ढक्कन बने हादसों का कारण
लोहे के ढक्कन गायब; राहगीरों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा, नगर निगम से जल्द मरम्मत की मांग
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन शहर में पैदल चलने वालों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के एक फुटपाथ पर नालियों के ऊपर लगे लोहे के ढक्कन टूटकर या गायब हो जाने से राहगीरों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो गया है। खुले नालों के कारण बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका आरोप है कि नगर निगम और प्रशासन की ओर से नियमित निरीक्षण नहीं होने के कारण ऐसी समस्याएं लंबे समय तक जस की तस बनी रहती हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते नए और मजबूत ढक्कन नहीं लगाए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। राहगीरों के अनुसार शाम के समय और बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खतरनाक हो जाती है।
पानी भर जाने या अंधेरा होने से खुले नाले दिखाई नहीं देते, जिससे पैर फिसलने और गिरने का खतरा बढ़ जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह समस्या सबसे अधिक चिंता का विषय बनी हुई है। लोगों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से फुटपाथों का तत्काल निरीक्षण कर खुले नालों पर मजबूत ढक्कन लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि फुटपाथ पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन उनकी बदहाल स्थिति लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मरम्मत नहीं की गई और कोई हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी। साथ ही उन्होंने शहर के सभी फुटपाथों का सर्वे कर क्षतिग्रस्त स्थानों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने की मांग की।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

