सीनियर फील्ड ऑफिसर बनने का मौका, इंजीनियरिंग वाले कर सकते हैं आवेदन
सरकारी नौकरी की तैयारी के साथ वैकेंसी के जारी होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारत सरकार के मंत्रिमंडल सचिवालय (कैबिनेट सेक्रेटेरिएट) ने अलग-अलग विषय अनुसार सीनियर फील्ड ऑफिसर (तकनीकी) के कुल 25 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की भर्ती निकाली है। मंत्रिमंडल सचिवालय की ओर से सीनियर फील्ड ऑफिसर (तकनीकी) पोस्ट के लिए जारी 25 पदों में कम्प्यूटर साइंस/ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी से 10, इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन/ टेलीकम्युनिकेशन से 10, डाटा साइंस/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस या डाटा साइंस/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में स्पेशलाइजेशन के साथ कम्प्यूटर साइंस से तीन, गणित से एक और सिविल इंजीनियरिंग से एक पद शामिल हैं। योग्य उम्मीदवार 12 जुलाई तक ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योग्यता: आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में बैचलर डिग्री या संबंधित विषयों में साइंस में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। कैंडीडेट्स के पास उपयुक्त शैक्षणिक योग्यता के अतिरिक्त इंजीनियरिंग स्नातक योग्यता परीक्षा (गेट) में संबंधित विषयों में 50 प्रतिशत या उससे अधिक का गेट वैध स्कोर होना आवश्यक है।
आयुसीमा: आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडीडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयुसीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वैलिड गेट स्कोर (2024, 2025 या 2026 में 50 प्रतिशत या उससे ज्यादा), इंटरव्यू, चरित्र और बैकग्राउंड की जांच, मेडिकल जांच, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडीडेट्स की सैलरी 1,33,000 रुपए प्रतिमाह होगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

