चंडीगढ़ में वेंडिंग ज़ोन बनाने का विरोध, स्माल ट्रेडर्स एसोसिएशन ने किया विरोध, बाजारों को फ्री एरिया बनाने की मांग

By: Jul 8th, 2026 12:06 am

स्माल ट्रेडर्स एसोसिएशन ने किया विरोध, बाजारों को फ्री एरिया बनाने की मांग, ज्ञापन सौंप जल्द मांगा समस्या सामधान

दिव्य हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़

स्माल ट्रेडर्स एसोसिएशन ने चंडीगढ़ में प्रस्तावित नए वेंडिंग ज़ोन बनाए जाने का कड़ा विरोध करते हुए शहर के सभी बाजारों को वेंडिंग ज़ोन फ्री एरिया घोषित करने की मांग की है। एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गोयल ने कहा कि शहर में पहले से मौजूद वेंडिंग ज़ोन रजिस्टर्ड करीब 4000 वेंडर्स को समायोजित करने में सक्षम हैं। ऐसे में नए वेंडिंग ज़ोन बनाने का कोई औचित्य नहीं है। मुकेश गोयल ने कहा कि प्रशासन को नए वेंडिंग ज़ोन विकसित करने के बजाय मौजूदा वेंडिंग ज़ोन में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना चाहिए और सभी पात्र पंजीकृत वेंडर्स को वहीं व्यवस्थित रूप से स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उनका कहना है कि नए वेंडिंग ज़ोन बनाए जाने से वेंडर्स को अनावश्यक प्रशासनिक प्रक्रियाओं का सामना करना पड़ेगा और उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ेंगे। उन्होंने मांग की कि शहर के सभी प्रमुख बाजारों को वेंडिंग ज़ोन फ्री एरिया घोषित किया जाए, ताकि दुकानदारों और ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

साथ ही यदि किसी बाजार में पहले से वेंडिंग ज़ोन अधिसूचित या प्रस्तावित हैं, तो उन्हें भी समाप्त किया जाए। इन्हीं मांगों को लेकर मंगलवार को एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश गोयल के नेतृत्व में करीब 300 सदस्यों ने नगर निगम अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में प्रशासन से नए वेंडिंग ज़ोन बनाने के प्रस्ताव को वापस लेने, मौजूदा वेंडिंग ज़ोन को आवश्यक सुविधाओं के साथ विकसित करने तथा सभी पंजीकृत वेंडर्स को वहीं समायोजित करने की मांग की गई। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो व्यापारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

आठ लाख की ठगी

कैथल। एमबीबीएस में सरकारी कोटे से दाखिला दिलाने का झांसा देकर एक महिला से आठ लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने ठगी के आरोपी पटियाला निवासी अमन और गांव हेमू माजरा निवासी अभिनव को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना सीवन में पहले ही धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि एमबीबीएस में सरकारी कोटे से दाखिला दिलाने का झांसा देकर पैसे ठगे है। इस पर उचित कार्रवाई की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App