पाक को पहले छोडऩा होगा आतंकवाद, सिंधु जल संधि पर भारत का पाकिस्तान को करारा जवाब, कहा, हमारा रुख साफ
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — नई दिल्ली
ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत सरकार ने सिंधु जल संधि को खत्म कर दिया था। पाकिस्तान की तरफ से इस मुद्दे को लेकर लगातार भारत को धमकियां दी जा रही हैं। विदेश मंत्रालय ने अपनी साप्ताहिक प्रेस वार्ता में पाकिस्तान द्वारा सिंधु जल संधि को लेकर दिए गए बयान, अफगानिस्तान पर किए हमले और वेनेजुएला में मारे गए भारतीय नाविक के शव से अंग गायब होने के मामले पर प्रतिक्रिया दी है। मंत्रालय ने कहा कि सिंधु जल संधि फिलहाल स्थगित है और इस पर भारत का रुख हमेशा स्पष्ट है। साथ ही भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान के हवाई हमलों की भी कड़ी निंदा की है। शुक्रवार को पाकिस्तान की हाथ काटने वाली धमकी का जवाब देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि इस मुद्दे पर भारत का रुख हमेशा एक जैसा है। उन्होंने कहा कि यह संधि पाकिस्तान की तरफ से जारी आतंकवाद की वजह से रुकी हुई है।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सिंधु जल संधि पर भारत का रुख साफ और स्थिर है। पाकिस्तान द्वारा सीमा पार आतंकवाद को लगातार बढ़ावा देने के कारण आईडब्ल्यूटी (सिंधु जल संधि) अभी रुकी हुई है। पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन भरोसेमंद और पक्के तौर पर छोडऩा होगा। वेनेजुएला में मारे गए भारतीय नाविक के शव से अंग निकाल लिए जाने की खबरों पर सरकार ने कहा कि हमने वेनेजुएला के अधिकारियों के साथ यह मामला उठाया है और उनसे तत्काल जांच करने का अनुरोध किया है।
अफगानिस्तान की संप्रभुता का किया समर्थन
भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की निंदा की और काबुल की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए अपने समर्थन को दोहराते हुए कहा कि नई दिल्ली अफगान लोगों को मानवीय और विकासात्मक सहायता देना जारी रखेगी। श्री जायसवाल ने कहा कि हमारी मानवीय सहायता संबंधी सहयोग जारी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

