पालमपुर बोला… हैप्पी बर्थडे बुटेल जी

By: Jul 26th, 2026 12:50 am

पौधारोपण, मरीजों को फल, रक्तदाताओं का बढ़ाया हौसला; दिनभर बधाई देने वालों का लगा तांता
सिटी रिपोर्टर- पालमपुर
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बृज बिहारी लाल बुटेल ने शनिवार को अपना 86वां जन्मदिन सादगी, जनसेवा और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया। उन्होंने दिन की शुरुआत केएलबी डीएवी कालेज परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए की। इसके बाद सिविल अस्पताल पालमपुर में भर्ती मरीजों को फल वितरित कर उनका कुशलक्षेम जाना। बाद में वह गोपालपुर में आयोजित रक्तदान शिविर पहुंचे, जहां उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए युवाओं से नियमित रक्तदान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए नया जीवन बन सकता है।

जन्मदिन के अवसर पर उनके पालमपुर स्थित आवास पर दिनभर समर्थकों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों का तांता लगा रहा। हिमाचल पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली, सांसद अनुराग शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक कांग्रेस पालमपुर और समर्थकों ने केक काटकर उनका सम्मान किया। इस मौके पर बृज बिहारी लाल बुटेल ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है तथा वह आगे भी जनसेवा और समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित रहेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App