एआई से बोर हुए लोग, बचने के ढूंढ रहे तरीके, अमरीका में लाइब्रेरी में लग रही वर्कशॉप, फीचर बंद करना सीख रहे हैं लोग

By: Jul 26th, 2026 10:00 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

ऐसा लग रहा है कि अब लोग एआई से ऊब गए हैं, शायद इसलिए इससे बचने के तरीके सीख रहे हैं। वैसे तो लाइब्रेरी में लोग को पढऩे और सीखने आते हैं, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि अब अमरीका के कई हिस्सों में लाइब्रेरी लोगों को ‘अन-लर्न’ करना (यानी सीखी हुई चीजों को भूलना या छोडऩा) सिखा रही हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एआई से होने वाली थकान के बीच, लाइब्रेरी ऐसी वर्कशॉप आयोजित कर रही हैं, जहां लोगों को एप्पल इंटेलिजेंस और गूगल जैमिनी जैसे एआई फीचर्स को बंद करना सिखाया जा रहा है। लाइब्रेरी में एआई से बचने वाले वर्कशॉप की मांग बढ़ रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, साउथ फिलाडेल्फिया में लाइब्रेरियन चार्ली बेली ने हाल ही में अवोइडिंग एआई नाम की एक वर्कशॉप आयोजित की।

इस वर्कशॉप में एआई चैटबॉट्स का इस्तेमाल करना सिखाने के बजाय, इस बात पर ध्यान दिया गया कि कम्प्यूटर, स्मार्टफोन और लोकप्रिय ऑनलाइन सर्विस पर एआई-पावर्ड फीचर्स को कैसे बंद किया जाए। बताया जा रहा है कि एक घंटे के इस सेशन में यह समझाया गया कि कंज्यूमर एआई टूल्स कैसे काम करते हैं। कुछ लोगों को ये क्यों उपयोगी लगते हैं और कुछ लोग इनका इस्तेमाल न करना क्यों पसंद कर सकते हैं। इसके बाद, लोगों को अपने डिवाइस पर एआई फीचर्स को बंद करने के तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। बैंगर पब्लिक लाइब्रेरी की एक लाइब्रेरियन ने विजिटर्स के बार-बार पूछे जाने वाले सवालों के जवाब में एक ऐसा ही प्रोग्राम बनाया। लोग अकसर उनसे पूछते थे कि वे उन एआई फीचर्स को कैसे बंद करें जो अपने-आप ईमेल का सुझाव देते थे, मैसेज का सारांश (समरी) बनाते थे या रोजमर्रा के ऐप्स में दिखाई देते थे।इन चिंताओं को दूर करने के लिए, साइरस ने एक एजुकेशनल सेशन तैयार किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App