चार करोड़ से संवरेगा पिपलू का ऐतिहासिक नरसिंह नारायण मंदिर
विधायक विवेक शर्मा के प्रयास लाए रंग, प्रारूप के साथ पूरा एस्टीमेट-डीपीआर तैयार, विशाल लंगर हॉल बनेगा आकर्षण
कार्यालय संवाददाता – बंगाणा
कुटलैहड़ विस क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक नरसिंह नारायण मंदिर पिपलू का अब चार करोड़ रुपए की लागत से भव्य जीर्णोद्धार किया जाएगा। विधायक विवेक शर्मा के प्रयासों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिली है। लोक निर्माण विभाग (लोक निर्माण मंडल बंगाणा) की देखरेख में यह कार्य शुरू होगा। मंदिर परिसर में मौजूद पुराने एवं जर्जर भवनों को हटाकर नए निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी। इस पूरे प्रोजेक्ट को लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के तहत श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में दस आधुनिक कमरे, एक विशाल लंगर हॉल तथा अलग से लंगर भवन का निर्माण किया जाएगा। मंदिर परिसर में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को रात्रि के समय भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें। विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि मंदिर को शक्तिपीठ श्रीनयनादेवी की तर्ज पर विकसित किया जाएगा, ताकि यहां आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ बेहतर सुविधाएं भी मिल सकें।
नरसिंह नारायण मंदिर पौराणिक इतिहास, अटूट आस्था का केंद्र
कुटलैहड़ की सोलह सिंगी धार की मनोरम पहाड़ी पर स्थित नरसिंह नारायण मंदिर पिपलू का इतिहास अत्यंत प्राचीन एवं पौराणिक ग्रंथों से जुड़ा हुआ है। भगवान श्री विष्णु के नरसिंह अवतार को समर्पित यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। क्षेत्र के किसान नई फसल तैयार होने पर तथा गाय-भैंस के प्रसूता होने के बाद यहां घी चढ़ाकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
अगले वर्ष राज्य स्तरीय मनाएंगे पिपलू मेला
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि अगले वर्ष पिपलू मेले को राज्य स्तरीय स्वरूप में तीन दिवसीय आयोजन के रूप में मनाया जाएगा। उनका उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देकर बाहरी राज्यों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कुटलैहड़ की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि मंदिर का विकास कुटलैहड़ क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देगा तथा स्थानीय लोगों के लिए भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मंदिर में सुबह शाम की आरती का होगा लाइव प्रसारण
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि नरसिंह नारायण मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि हमारी पौराणिक संस्कृति और सनातन परंपराओं की अमूल्य धरोहर है। मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम होने वाली आरती का लाइव प्रसारण भी शुरू करवाया जाएगा, ताकि देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी घर बैठे भगवान नरसिंह नारायण के दर्शन और आरती का लाभ उठा सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि चार करोड़ रुपए की इस परियोजना के पूरा होने के बाद पीपलू का नरसिंह नारायण मंदिर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

