राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई सही नहीं

By: Jul 24th, 2026 12:50 am

प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा, जमकर साधे निशाने
कार्यालय संवाददाता-बिलासपुर
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ की गई पुलिस कार्रवाई की प्रदेश महिला कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। महिला कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर जो आंदोलन चल रहा है, वह छात्र आंदोलन है। देश का छात्र अब सडक़ों पर उतर आया है, जिससे केंद्र सरकार का असली चेहरा अब पूरी तरह से जनता के सामने आ चुका है। केंद्र सरकार की मनमानी सहन नहीं की जाएगी। प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष तृप्ता ठाकुर ने दिल्ली के जंतर-मंतर में छात्र आंदोलन में भाग लिया। इसके अलावा उन्होंने महिला आरक्षण लागू करने की भी मांग उठाई है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षेण लागू करने को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन किया और देश के कोने-कोने से आई हुई महिलाओं को संबोधित करने का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नालायकी की बजह में लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है। जिसके चलते छात्र सडक़ों पर उतर आए हैं। लेकिन केंद्र सरकार में बैठे भाजपा नेताओं को इन छात्रों की कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की गई। यही नहीं उन्हें गिरफ्तार भी किया गया, जोकि सही नहीं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App