हिमाचल में एंट्री टैक्स के खिलाफ फिर भडक़ा विरोध

By: Jul 7th, 2026 12:02 am

किसान संगठनों, टैक्सी यूनियनों और निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
हिमाचल प्रदेश में लागू एंट्री टैक्स के विरोध में पिछले करीब एक महीने से शांत पड़ा आंदोलन एक बार फिर तेज हो गया है। सोमवार को पंजाब के रूपनगर जिले के नूरपुर बेदी में किसान संगठनों, टैक्सी यूनियनों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों और सामाजिक संगठनों ने संयुक्त प्रदर्शन कर हिमाचल सरकार के खिलाफ आंदोलन के अगले चरण का ऐलान किया। संगठनों ने घोषणा की कि 26 जुलाई से घनौली-नालागढ़ स्टेट हाईवे स्थित ढेरोवाल एंट्री टोल के समीप अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

प्रदर्शन में पंजाब मोर्चा, किरती किसान मोर्चा, भारतीय किसान यूनियन (बहरामके), आजाद टैक्सी यूनियन, नूरपुर बेदी टैक्सी यूनियन तथा विभिन्न निहंग सिंह जत्थेबंदियों के बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने एंट्री टैक्स को तुरंत समाप्त करने की मांग करते हुए हिमाचल सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पंजाब मोर्चा के संयोजक गौरव राणा, बाबा अच्छर सिंह महाकाल, करणवीर सिंह, वीर सिंह बड़वा, हरप्रीत सिंह भट्टो, सोहन सिंह भैणी और दर्शन सिंह सहित अन्य नेताओं ने कहा कि जब तक पंजाब के सीमावर्ती जिलों के लोगों को एंट्री टैक्स से राहत नहीं मिलती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने एंट्री टैक्स वापस नहीं लिया तो आंदोलन पूरे पंजाब में और व्यापक किया जाएगा।

एंट्री टैक्स के खिलाफ फिर सडक़ पर उतरेंगे संगठन

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि हिमाचल सरकार एंट्री टैक्स के नाम पर पंजाब के लोगों से वसूली बंद नहीं करतीए तो पूरे पंजाब में सरकार के खिलाफ व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। संयुक्त किसान जत्थेबंदियों, निहंग सिंह जत्थेबंदियों, टैक्सी यूनियनों और सामाजिक संगठनों ने एक स्वर में कहा कि पंजाबियों पर लगाया गया एंट्री टैक्स हर हाल में वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार अपने फैसले पर अड़ी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App