नवगठित पंचायतों में 80 फीसदी में कोरम पूरे
पहली बैठक में बीपीएल चयन, स्वच्छता और एंटी-चिट्टा अभियान समेत कई प्रस्तावों पर हुई चर्चा, विकास कार्यों के शेल्फ को मिली मंजूरी
कार्यालय संवाददाता—नाहन
पंचायती राज चुनावों के बाद रविवार को जिला सिरमौर की नवगठित ग्राम पंचायतों में पहली ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिले के सभी आठ विकास खंडों में आयोजित ग्राम सभाओं में औसतन 80 प्रतिशत पंचायतों में कोरम पूरा हुआ और निर्धारित एजेंडे के अनुसार विभिन्न प्रस्ताव पारित किए गए। जिला पंचायत अधिकारी विक्रम ठाकुर और विकास खंड नाहन के एसईबीपीओ अजय चौहान ने बताया कि नाहन विकास खंड की 28 में से 23 तथा ददाहू विकास खंड की 26 में से 22 ग्राम पंचायतों में कोरम पूरा हुआ। वहीं, संगड़ाह विकास खंड की 39 में से 31 पंचायतों में भी ग्राम सभा सफलतापूर्वक आयोजित की गई। अन्य विकास खंडों में भी 70 से 80 प्रतिशत पंचायतों में आवश्यक कोरम पूरा होने की जानकारी दी गई। ग्राम सभाओं में मनरेगा के तहत अतिरिक्त शेल्फ को मंजूरी, विभिन्न समितियों का गठन, बीपीएल चयन प्रक्रिया, स्वच्छता अभियान, गृहकर एवं सेवा शुल्क तथा नशा विरोधी (एंटी-चिट्टा) अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर प्रस्ताव पारित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि ग्राम सभा का कोरम पूरा होने के लिए संबंधित पंचायत के कुल पंजीकृत मतदाताओं में से कम से कम 10 प्रतिशत वयस्क मतदाताओं की उपस्थिति अनिवार्य होती है। अधिकांश पंचायतों में ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली, जिससे पहली ग्राम सभा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

