हिमाचल आएंगे राहुल गांधी, करेंगे बड़ी रैली, रजनी पाटिल बोलीं, समय मिलते ही करवाया जाएगा आयोजन

By: Jul 6th, 2026 8:15 pm

कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने पत्रकार वार्ता में कहा, सीएम चाहते है कि राहुल गांधी की हो प्रदेश में रैली

बोली, समय मिलते ही करवाया जाएगा आयोजन, चंदा चोरी पर प्रदेश में आक्रामक रूप से उतरेगी मैदान में

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

कांग्रेस की प्रदेश मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी हिमाचल आएंगे और यहां पर एक बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू चाहते है कि राहुल गांधी प्रदेश में आकर बड़ी रैली को संबोधित करें। रजनी पाटिल इस संबंध में राहुल गांधी को जानकारी दे दी गई है और उनसे समय मिलते ही यह आयोजन किया जाएगा। रजनी पाटिल सोमवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थी। रजनी पाटिल ने बताया कि जल्द ही धर्मशाला में पॉलिटिकल एडवाइजरी कमेटी (पीएसी) की एक अहम बैठक धर्मशाला में होने जा रही है।

इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल मुख्य रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान राष्ट्रीय संगठन महामंत्री पार्टी के विधायकों, मंत्रियों और समिति के सदस्यों के साथ रूबरू होकर फीडबैक लेंगे। रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सभी मंत्रियों को प्रभारी के तौर पर एक एक जिले का प्रभार दिया जाएगा। जिससे वह उन जिलों में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करते हुए संगठन के कामकाज को प्रभावी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि जिसे संगठन की जो भी जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर उन्हें खरा उतरना होगा, अन्यथा उन्हें पद मुक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहले ही निर्णय लिया जा चुका है कि पार्टी के सभी पदाधिकारियों, जिला व ब्लॉक के सभी पदाधिकारियों की हर तीन माह में उनके कार्यो की समीक्षा की जाएगी।

आमसभा में 85 फीसदी ने लिया हिस्सा

प्रभारी ने कहा कि पार्टी प्रदेश मुख्यालय में मैराथन बैठक ली गई है। उन्होंने कहा कि संगठन पुनर्गठन के बाद आमसभा में 85 प्रतिशत लोगों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने कहा कि आमसभा में ब्लाक और जिला अध्यक्ष का ज्यादा सुना है। रजनी पाटिल ने कहा कि एनएसयूआई और युवा कांग्रेस का कहना था कि सरकार के कामों को लोगों तक ले जाने में कहीं ना कहीं खामियां है, क्योंकि लोग भूल जाते है। आमसभा समेत अग्रणी संगठनों के साथ हुई बैठकें सार्थक रही। पार्टी नेताओं ने सभा में उपस्थित मुख्यमंत्री व उनके समक्ष सरकार व संगठन से संबंधित कई बातें रखी। प्रदेश में संगठन विस्तार अभियान व पार्टी का सदस्यता अभियान को तय सीमा अवधि में पूरा करने को कहा गया है। इसके लिये नेताओं व पदाधिकारियों को गाइडलाइन दी गई है। प्रदेश में सभी जिला व ब्लॉक अध्यक्षों के साथ साथ अग्रणी संगठनों के सभी राज्य प्रमुखों को अपनी अपनी कार्यकारिणी जल्द बनाने व इसे प्रभावी बनाने को कहा गया है। वहीं प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी का एक कनेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है। संगठन के सभी कार्यो,जिला व ब्लॉक स्तर पर होने वाले पार्टी कार्यक्रमों पर इस सेंटर की नजर रहेगी। यह सेंटर पीसीसी व प्रदेश अध्यक्ष के माध्यम से आईसीसी को रिपोर्ट करेगा।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर प्रदेश में आक्रामक होगी कांग्रेस

रजनी पाटिल ने कहा कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश में आक्रामकता के साथ आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि देवभूमि हिमाचल के लोगों ने इस निर्माण के लिए चंदा दिया है। उन्होंने कहा कि कि इस मामले के पीछे बहुत बडी शक्तियां है, अभी तक छोटी मछलियों को ही पकड़ा जा रहा है। रजनी पाटिल ने कहा कि प्रदेश में राम मंदिर दान के चोरी के मामले से लोगों को अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले को लेकर प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी खामोश बैठे हुए है। रजनी पाटिल ने कहा कि इसी के साथ देश के युवाओं के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ किया जा रहा है वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। नीट पेपर लीक हो या सीबीएसई के पेपर हर जगह पेपर लीक किये जा रहें है। इसके खिलाफ भी प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।

संगठन-सरकार में बेहतर तालमेल

प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल है। संगठन से जुड़े कई नेताओं को सरकार ने महत्वपूर्ण पदों पर बिठाया है। उन्होंने कहा कि आरडीजी और मनरेगा को बंद करना समेत प्रदेश सरकार को अस्थिर करने की कोशिशें समेत अन्य मुद्दों को कांगे्रस आगामी विधानसभा चुनावों में जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की तरफ से बहुत सारे प्रयत्न किए किए सीएम सरकार न चला पाए, लेकिन अपने संसाधनों से हर व्यथा से उभर कर काम किया है और सुचारू रूप से चल रहे है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस प्रदेश के सभी कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और निजी शैक्षणिक संस्थानों में जाकर आंदोलन करेगी और युवाओं समेत आमजन को इस मुद्दे पर जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के अध्यक्ष पद यात्रा करेंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने राम मंदिर चंदा प्रकरण पर भी केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि असली सनातनी हम है, जिन्होंने राम मंदिर के दरवाजे खोले। एवज में भगवान राम का नाम बेचा है और निर्माण के बाद चंदा चोरी हुई है, जिसमें एसआईटी का कोई परिणाम नहीं निकला।

छात्र संघ चुनाव हो बहाल

पत्रकारवार्ता में युवा कांग्रेस अध्यक्ष छतर सिंह व एनएसयूआई के अध्यक्ष अभिनंदन ठाकुर,टोनी ने कहा कि छात्र संघ चुनावों को बहाल करने का मामला बैठक में उठाया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस मुद्दे को रखा गया है। उन्होंने दोबारा छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि इन चुनावों से ही किसी का राजनीति का पहला कदम शुरू होता है।

—अजय


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App