बारिश से 85 सडक़ों पर थमे गाडिय़ों के पहिए, पीडब्ल्यूडी ने 214 में से 129 मार्ग बहाल कर दौड़ाया ट्रैफिक

By: Jul 27th, 2026 9:05 pm

वरिष्ठ संवाददाता-शिमला

प्रदेश में जारी बारिश के दौर के बीच सोमवार को राज्य भर में 214 सडक़ों पर वाहनों की आवाजाही थम गई। लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर अभियान चला शाम तक 129 सडक़ों को खोल दिया है, जबकि शेष 85 सडक़ों को आगामी दो दिनों में खोलने का टारगेट पीडब्ल्यूडी ने रखा है। लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के तहत सोमवार को राज्य भर में बारिश के कारण हुए भू-स्खलन और ल्हासे गिरने समेत अन्य कारणों से 214 सडक़ें बंद पड गई। इनमेंं शिमला जोन की 74, मंडी 75, कांगड़ा 62 और हमीरपुर की तीन सडकें शामिल रही।

विभाग ने सोमवार देर शाम तक बंद पड़ी सडक़ों में से 129 को खोलने में सफलता हासिल कर ली है। लिहाजा अब राज्य में कुल 85 सडक़ें बंद पड़ी हुई है। विभाग का कहना है कि 24 सडक़ों को मंगलवार तथा शेष 61 को उसके बाद खोलने का लक्ष्य रखा है। रिपोर्ट के अनुसार विभाग के शिमला जोन में 30 सडक़ें बंद पड़ी हुई है। इसी तरह विभाग के मंडी जोन में 37, कांगड़ा में 15 और हमीरपुर के तहत तीन सडक़ें शामिल है।

552 मशीनें तैनात

राज्य के अलग-अलग जोन में सडक़ों को खोलने के लिए कुल 552 मशीनें तैनात की गई है। इनमें 280 निजी जेसीबी और 63 टिप्पर भी शामिल है। इसके अलावा विभाग ने अपनी 106 जेसीबी, सात रोबोट, 20 डोजर और 76 टिप्पर को भी तैनात किया है। लोक निर्माण विभाग का कहना है कि मानसून सीजन के मध्यनजर भू-स्खलन संभावित स्थानों पर पहले से ही मशीनरी तैनात कर रखी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App