हिमाचल में एक हफ्ता जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, 27 को कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
27 जुलाई को कई जिलों में भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट
मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम हुई वर्षा
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल में आगामी एक सप्ताह तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। राज्य के अलग अलग हिस्सो में इस दौरान सामान्य से भारी बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही है। वीरवार को शिमला सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। राज्य में लगातार बारिश से कई नदियां, खड्डें और बरसाती नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने 29 जुलाई तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के लिए येलो और ओरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास नहीं जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 24 जुलाई को बिलासपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। 25 जुलाई को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जुलाई को मानसून के और सक्रिय होने की संभावना है। इस दिन कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर में भारी से बहुत भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि सोलन, चंबा और बिलासपुर में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके बाद 27, 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका के चलते ओरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने बताया कि 24 से 26 जुलाई के दौरान मध्यवर्ती क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 27 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों और खड्डों के किनारे नहीं जाने की सलाह दी है, क्योंकि भारी बारिश के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि मौजूदा मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से 11 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। चंबा, मंडी, लाहौल-स्पीति और कांगड़ा जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी हल्की गिरावट आई है। राज्य का औसतन अधिकतम व न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में शिमला, सोलन और सिरमौर में दृश्यता कम रहने की भी संभावना जताई है।
नैनादेवी में सबसे अधिक बारिश
बीते 24 घंटों में बिलासपुर जिले के नैना देवी में 56.2 मिलीमीटर, मलरांव में 49.4 मिलीमीटर, कुल्लू के मनाली में 35.0 मिलीमीटर, शिमला के रामपुर में 30.3 मिलीमीटर, बिलासपुर के ब्रह्माणी में 29.4 मिलीमीटर, शिमला के सराहन में 28.7 मिलीमीटर, सिरमौर के नाहन में 27.8 मिलीमीटर, कुल्लू के कोठी में 26.0 मिलीमीटर, शिमला के रोहड़ू में 20.0 मिलीमीटर और खदराला में 19.1 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि पिछले 24 घंटों में बारिश की तीव्रता पहले के मुकाबले कुछ कम रही, लेकिन लगातार बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
—-जय
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

