जनभागीदारी से हरित सिरमौर का सपना साकार

By: Jul 26th, 2026 12:49 am

वन विभाग ने पौधारोपण अभियानों को दी रफ्तार, लाखों पौधों के लक्ष्य के साथ रोजगार सृजन पर भी जोर
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच हिमाचल प्रदेश सरकार वन संरक्षण एवं संवर्धन को प्राथमिकता देते हुए जनभागीदारी आधारित अभियान चला रही है। जिला सिरमौर में वन विभाग मुख्यमंत्री वन विस्तार, ग्रीन अडॉप्शन, वन संवर्धन तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से हरित हिमाचल के लक्ष्य को गति दे रहा है। मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत वर्ष 2024-25 में जिले के 55 हेक्टेयर क्षेत्र में 27,500 पौधे लगाए गए, जिन पर 1.03 करोड़ रुपये खर्च किए गए। वर्ष 2026-27 के लिए 88 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

वहीं मुख्यमंत्री ग्रीन अडॉप्शन योजना के अंतर्गत नाहन वन मंडल में पांच हेक्टेयर भूमि पर एक हजार पौधे लगाए गए। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वन विभाग ने विद्यालयों, युवक मंडलों, महिला मंडलों और स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से 59,100 पौधे वितरित किए। मुख्यमंत्री वन संवर्धन योजना के तहत अब तक 141 हेक्टेयर क्षेत्र में 1,12,800 पौधे लगाए जा चुके हैं। इस योजना पर 1.69 करोड़ व्यय किए गए हैं और 52 युवक एवं महिला मंडलों को रोजगार भी मिला है। कौलावालाभूड़ के जीवन लाल, तकी मोहम्मद और यश ने कहा कि पौधारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढिय़ों के लिए भी लाभदायक होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App