बीए-बीएससी में एडमिशन को 16 जुलाई तक रजिस्ट्रेशन, इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रक्रिया शुरू

By: Jul 10th, 2026 9:27 pm

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रक्रिया शुरू, बीए में 40 विषय संयोजन चुनना अनिवार्य

दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया के तहत बीए, बीएससी (गणित) और बीएससी (जीव विज्ञान) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण जारी है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को विषय संयोजन चुनने को लेकर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बीए पाठ्यक्रम में कुल 83 विषय संयोजन हैं। इनमें से अभ्यर्थियों को पंजीकरण के समय कम से कम 40 विषय संयोजन चुनना अनिवार्य है। इसी तरह बीएससी (गणित) में 14 विषय संयोजन उपलब्ध हैं। वहीं, बीएससी (जीव विज्ञान) में 12 विषय संयोजन हैं। अभ्यर्थियों को दोनों विषयों के लिए सभी संयोजनों का चयन करना होगा। जानकारों की मानें, तो इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि अभ्यर्थियों के प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है। यदि किसी एक विषय संयोजन में सीटें भर जाती हैं, तो छात्र को उसके द्वारा चुने गए दूसरे या तीसरे पसंदीदा संयोजन में प्रवेश मिलने का अवसर मिल सकता है। इससे सीटें खाली रहने की संभावना भी कम होती है और प्रवेश प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं तेज हो जाती है।

ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 जुलाई निर्धारित की गई है। पंजीकरण के दौरान जो दो पहले विषय चुने जाएंगे वह मेजर होंगे। उदाहरण के लिए बीए में प्रथम कांबिनेशन में प्राचीन इतिहास और अर्थशास्त्र मेजर और हिंदी माइनर होगा। दूसरे कांबिनेशन में प्राचीन इतिहास और शिक्षाशास्त्र मेजर और राजनीति विज्ञान माइनर होगा। इसी प्रकार बीएससी गणित में पहला कांबिनेशन गणित, भौतिक मेजर और रसायन माइन होगा। दूसरा कांबिनेशन गणित और भौतिक मेजर और कम्प्यूटर साइंस माइनर विषय के रूप में होगा। विवि ने पीजीएटी-2 के तहत 27 विषयों का रिजल्ट जारी कर दिया है। पीजीएटी वन के विषयों का रिजल्ट सोमवार को जारी होने की उम्मीद है। प्रवेश प्रकोष्ठ से जुड़े अधिकारियों की मानें तो जुलाई के पहले सप्ताह से विभिन्न परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग शुरू होने की संभावना है।

पेपरलेस होगी पीजी में एडमिशन

इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से परास्नातक (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और केंद्रीकृत और पेपरलेस होगी। इसके तहत एक ही पोर्टल के माध्यम से पूरी प्रवेश प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को अलग-अलग विभागों में जाकर औपचारिकताएं पूरी करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस नई व्यवस्था के तहत प्रवेश परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय के निर्धारित पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। छात्र अपने सभी आवश्यक दस्तावेज, प्रमाण पत्र और अन्य जानकारी अपलोड करेंगे। इसके बाद पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभागों को विद्यार्थियों के दस्तावेज स्वत: उपलब्ध हो जाएंगे। इससे दस्तावेजों के सत्यापन और प्रवेश प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी आएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App