CA के लिए 19 जुलाई तक पंजीकरण, सितंबर और नवंबर परीक्षाओं का शेड्यूल जारी
नहीं लगेगी लेट फीस
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
सीए यानी चार्टर्ड अकाउंटेंट बनने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए एक बेहद काम की खबर है। अगर आप भी इन दिनों दिन-रात एक करके किताबों में खोए हुए हैं और अपनी अगली परीक्षा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपका इंतजार अब खत्म हो गया है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया ने सितंबर और नवंबर 2026 में होने वाली सीए परीक्षाओं के लिए रजिस्ट्रेशन की विंडो खोल दी है।
अब बिना कोई और देरी किए आपको अपने फॉर्म भरने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए, ताकि आगे चलकर किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। आईसीएआई ने साफ कर दिया है कि जो भी उम्मीदवार इस परीक्षा में बैठना चाहते हैं, वे आधिकारिक ई-सर्विसेज पोर्टल eservices.icai.org पर जाकर अपना ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म भर सकते हैं। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 19 जुलाई 2026 तय की गई है। आईसीएआई ने करेक्शन विंडो की सहूलियत भी दी है। यह सुधार खिडक़ी 23 जुलाई से लेकर 25 जुलाई के बीच खुली रहेगी।
22 तक 600 रुपए लेट फीस
अगर आप इस तारीख तक अपना फॉर्म जमा कर देते हैं, तो आपको कोई एक्स्ट्रा चार्ज या लेट फीस नहीं देनी होगा। अगर किसी वजह से आप 19 जुलाई तक अपना एप्लीकेशन फॉर्म नहीं भर पाते हैं, तो भी घबराने की कोई बात नहीं है। आईसीएआई ने ऐसे छात्रों को 22 जुलाई तक का मौका दिया है, लेकिन इसके लिए आपको अपनी जेब से 600 रुपए की लेट फीस चुकानी पड़ेगी।
परीक्षा का शेड्यूल
सीए इंटरमीडिएट (ग्रुप-1) परीक्षा— 1, 3 और 6 सितंबर
सीए इंटरमीडिएट (ग्रुप-2) परीक्षा— 8, 10 और 12 सितंबर
सीए फाइनल (ग्रुप-1) परीक्षा— 2, 4 और 6 नवंबर
सीए फाइनल (ग्रुप-2) परीक्षा— 9, 11 और 13 नवंबर
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

