ट्रकों की पार्किंग से घुटा रास्ता, राहत की मांग तेज

By: Jul 6th, 2026 12:02 am

फायर ब्रिगेड के सामने ट्रकों का जमावड़ा बना मुसीबत; टैक्सी स्टैंड बहाल करो, नाले पर बनाओ पार्किंग

निजी संवाददाता – सुजानपुर
नगर परिषद सुजानपुर के वार्ड नंबर-दो में फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने ट्रकों की पार्किंग स्थानीय लोगों और दुकानदारों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि यह स्थान पहले टैक्सी स्टैंड के रूप में चिन्हित किया गया था, लेकिन वर्तमान में यहां ट्रक खड़े किए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि इस स्थान की मरम्मत कर इसे दोबारा टैक्सी स्टैंड के रूप में विकसित किया जाए तथा ट्रकों के लिए अलग स्थान निर्धारित किया जाए। उनका कहना है कि फायर ब्रिगेड कार्यालय के सामने भारी वाहनों की पार्किंग कई बार आपातकालीन सेवाओं में भी बाधा बन सकती है। इसके अलावा लोगों ने सुझाव दिया कि पुराने नाले को उचित तरीके से कवर कर उसके ऊपर पार्किंग बनाई जाए। इससे जिन परिवारों के घरों में वाहन खड़ा करने की जगह नहीं है, उन्हें सुरक्षित पार्किंग मिलेगी। साथ ही नगर प्रशासन को भी पार्किंग शुल्क के रूप में आय का एक नया स्रोत प्राप्त हो
सकता है।

प्रशासन सेलगाई गुहार 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि इस योजना को अमल में लाया जाता है तो क्षेत्र में फैली गंदगी पर भी नियंत्रण होगा, यातायात व्यवस्था सुधरेगी और फायर ब्रिगेड जैसी आवश्यक सेवाओं को भी बिना किसी रुकावट के संचालित किया जा सकेगा। वार्ड नंबर-दो के लोगों ने प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App