सफाई कर्मियों की हड़ताल से शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था

By: Jul 13th, 2026 12:05 am

नाहन में सब्जी विक्रेताओं से विवाद के बाद 90 सफाई कर्मियों ने किया बहिष्कार, शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर

कार्यालय संवाददाता-नाहन
नगर परिषद नाहन में सफाई कर्मियों और सब्जी विक्रेताओं के बीच हुए विवाद के बाद रविवार को पूरे शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। विरोध स्वरूप शहरी आजीविका मिशन के तहत कार्यरत करीब 90 सफाई कर्मियों ने सफाई कार्य का बहिष्कार कर दिया, जिससे शहर के विभिन्न वार्डों, मुख्य बाजारों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए। नगर परिषद नाहन के अंतर्गत 13 वार्डों की करीब 20 से 25 हजार आबादी को सफाई सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। शहर में कुल 90 सफाई कर्मी शहरी आजीविका मिशन के तहत कार्यरत हैं, जबकि नियमित कर्मचारियों की संख्या केवल 20 से 22 है। ऐसे में अधिकांश सफाई कर्मियों के काम पर न आने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई।

नगर परिषद ने नियमित कर्मचारियों के माध्यम से सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया, लेकिन सीमित स्टाफ के कारण सभी क्षेत्रों में सफाई नहीं हो सकी। कचरा उठाने वाले वाहन भी पूरे दिन संचालित नहीं हुए। गौरतलब है कि शनिवार को बड़ा चौक क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता और सफाई कर्मियों के बीच वाहन की टक्कर को लेकर विवाद हो गया था। मामला बढऩे पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई और नाहन थाना में दोनों ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज करवाई गई। इसके विरोध में सफाई कर्मियों ने रविवार को सामूहिक रूप से काम बंद रखा। नगर परिषद के सफाई निरीक्षक सुलेमान ने बताया कि शहरी आजीविका मिशन के सभी सफाई कर्मियों के साथ बैठक कर ली गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों से सकारात्मक बातचीत हुई है और सोमवार से शहर की नियमित सफाई व्यवस्था बहाल होने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App