भारतीय वायुसेना में फ्लाइट लेफ्टिनेंट बनीं हमीरपुर की शरण्या

By: Jul 13th, 2026 10:35 pm

नादौन। हमीरपुर की बेटी शरण्या डोगरा ने पिता एयर कमांडर राजेश डोगरा के नक्शे कदम पर चलते हुए भारतीय वायु सेना में बतौर फ्लाइट लेफ्टिनेंट ज्वाइन किया है। शरण्या ने परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तीसरी पीढ़ी की प्रथम महिला सेना आधिकारी बनने का भी सौभाग्य प्राप्त किया है। शरण्या को दिल्ली की रजोकड़ी में कमीशन मिलने के उपरांत मेडिकल कोर में तैनात किया गया है।

शरण्या की सफलता पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने बधाई दी है। सुजानपुर के भलेठ गांव की मूल निवासी शरण्या के परिजनों ने बताया कि वर्तमान समय में शरण्या जोनल अस्पताल धर्मशाला में हंस फाउंडेशन के डायलिसिस सेंटर में बतौर मेडिकल ऑफिसर सेवाएं दे रहीं थी। शरण्या के पिता राजेश डोगरा तथा माता गिरिजा गुलेरी ने बताया कि शरण्या की स्कूली शिक्षा एयरफोर्स के विभिन्न स्कूलों तथा केंद्रीय विद्यालय में हुई है। उसने विदेश से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। टांडा मेडिकल कालेज से एक वर्ष पूर्व ही उसने इंटरनशिप पूर्ण किया था। शरण्या के दादा जीवानंद डोगरा भी भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App