गिरि नदी में सिल्ट, सोलन में पानी का संकट

By: Jul 24th, 2026 12:48 am

लगातार बारिश से गिरी पेयजल योजना प्रभावित, पानी की लिफ्टिंग घटी; तीन दिन के रोटेशन पर मिल रहा पानी
निजी संवाददाता-सोलन
सोलन में लगातार हो रही मानसूनी बारिश अब राहत के साथ-साथ चिंता का कारण भी बन रही है। गिरी नदी में सिल्ट (मिट्टी) की मात्रा बढऩे से शहर की सबसे बड़ी पेयजल परियोजना गिरी योजना प्रभावित होने लगी है। नदी का पानी मटमैला होने से जलशक्ति विभाग को पानी का शुद्धिकरण करने में अतिरिक्त समय और संसाधन लगाने पड़ रहे हैं। यदि आगामी दिनों में बारिश का सिलसिला जारी रहा और सिल्ट का स्तर बढ़ा, तो शहर को एक बार फिर पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है। सोलन शहर की पेयजल व्यवस्था मुख्य रूप से गिरी पेयजल योजना पर निर्भर है। नगर निगम क्षेत्र की प्रतिदिन करीब 90 लाख लीटर पानी की जरूरत होती है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से बढ़ी सिल्ट के कारण जलशक्ति विभाग औसतन 75 लाख लीटर पानी ही लिफ्ट कर पा रहा है। इसका असर शहर की जलापूर्ति व्यवस्था पर साफ दिखाई देने लगा है।

फिलहाल विभिन्न क्षेत्रों में तीन दिन के रोटेशन के आधार पर पानी की आपूर्ति की जा रही है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार यदि सिल्ट की मात्रा और बढ़ती है तो पानी की लिफ्टिंग क्षमता और घट सकती है। ऐसी स्थिति में जलापूर्ति का अंतराल बढ़ाकर चार से पांच दिन करना पड़ सकता है, जिससे लोगों की परेशानी बढऩे की आशंका है। सिल्ट बढऩे से पानी को शुद्ध करने के लिए अतिरिक्त ट्रीटमेंट और फिल्ट्रेशन करना पड़ता है, जिससे पूरी प्रक्रिया धीमी हो जाती है। एसडीओ जलशक्ति विभाग सोलन ऐन सिंह ने बताया कि स्थिति गंभीर होने पर परकोलेशन वेल से पानी उठाने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, शहरवासियों को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है।

पानी बचाने की अपील
एसडीओ जलशक्ति विभाग सोलन ऐन सिंह ने शहरवासियों से पानी का अत्यंत संयमित उपयोग करने की अपील की है। अनावश्यक पानी की बर्बादी से बचें और केवल आवश्यक कार्यों के लिए ही पानी का उपयोग करें। विभाग सीमित संसाधनों के बावजूद शहर को नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए दिन-रात कार्य कर रहा है। यदि मौसम सामान्य रहा तो आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जाएगा, लेकिन लगातार बारिश और बढ़ती सिल्ट की स्थिति में जल संकट और गहरा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App