खैर की लकड़ी की तस्करी नाकाम, दो गाडिय़ां जब्त
नालागढ़ वन विभाग की देर रात कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, रैकी करने वाली कार भी पकड़ी
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ वन परिक्षेत्र की टीम ने अवैध खैर की लकड़ी की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात खैर के 96 लॉग्स से लदे दो वाहनों को पकडक़र तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। इस दौरान दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि जांच में एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है। वन विभाग ने जब्त की गई लकड़ी और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामला पुलिस चौकी दभोटा को सौंप दिया है। वन विभाग के अनुसार वन खंड अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में वन रक्षक विशाखा, संजीव, समीर, अजय तथा अन्य वन कर्मियों की संयुक्त टीम 2 जुलाई की देर रात बीट हटड़ा क्षेत्र में नियमित गश्त एवं नाकाबंदी कर रही थी।
शुक्रवार तडक़े करीब 2:45 बजे माजरी स्थित शिव मंदिर के समीप झिंडीवाला-भोगपुर मार्ग से आ रहे एक अशोक लेलैंड चार पहिया वाहन को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन में अवैध रूप से काटे गए खैर की लकड़ी के 96 लॉग्स लदे हुए पाए गए। वाहन चालक नेक राम से जब लकड़ी के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया तो वह कोई भी वैध अभिलेख नहीं दिखा सका। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वाहन समेत लकड़ी को मौके पर ही कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि तस्करी वाले वाहन को सुरक्षित निकालने के लिए एक ऑल्टो कार आगे-आगे रेकी कर रही थी। वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर इस कार को भी पकड़ लिया। कार चालक वीरू पुत्र छोटू निवासी झिंडीवाला को भी मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में मुस्ताक नामक एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी तलाश और मामले में भूमिका की जांच की जा रही है। वन विभाग ने खैर की लकड़ी के लॉग्स तथा दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मामला पुलिस चौकी दभोटा को सौंप दिया गया है।
वन तस्करी के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
वन परिक्षेत्राधिकारी (आरएफओ) नालागढ़ ने बताया कि वन संपदा की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। वन अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

