…तो आप बिना कॉलेज डिग्री के कुछ शॉर्ट टर्म कोर्स या सर्टिफिकेट लेकर ले सकते हैं बढिय़ा जॉब
आज कल के टाइम में जहां स्किल सीखकर लोग अच्छी-अच्छी फील्ड में एंट्री कर रहे हैं, वहां आप भी बिना डिग्री के अच्छे पद नौकरी ले सकते हैं। हर कंपनी ऐसे वर्कर चाहती है, जो सिर्फ नाम के नहीं काम में भी अच्छा रिजल्ट दे सकें। अगर आपके पास विशेष कौशल है, तो आप आसानी से बिना किसी डिग्री के अपनी पसंद की नौकरी पा सकते हैं। अगर आप 12वीं के बाद तुरंत करियर बनाना चाहते हैं, तो आप बिना कॉलेज डिग्री के कुछ शॉर्ट टर्म कोर्स या सर्टिफिकेट लेकर बढिय़ा जॉब ले सकते हैं…
ऐसे करें शुरुआत
आज के दौर में नौकरी पाना पहले से कहीं ज्यादा चैलेंज वाला काम हो गया है। बढ़ते कंपीटिशन के बीच सिर्फ डिग्री होना ही काफी नहीं रह गया है, बल्कि स्किल्स (कौशल) भी उतनी ही जरूरी हो गई है। यही वजह है कि आज के समय के युवा ऐसे कोर्स को करने पर जोर देते हैं, जिससे बिना डिग्री या कम डिग्री के भी अच्छी नौकरी मिल जाए। बदलते वक्त के साथ कॉरपोरेट जगत की सोच भी बदली है। अब कंपनियां डिग्री या सर्टिफिकेट्स देखने के बजाय इस पर फोकस करती हैं कि आपको काम कितना आता है, इसलिए करियर चुनते समय सिर्फ पैसों के पीछे भागने के बजाय यह जरूर देखें कि आपकी पर्सनैलिटी, रुचि और स्किल्स किस काम से मैच करती हैं।
मेकअप आर्टिस्ट
ग्लैमर, फिल्म इंडस्ट्री, शादियों और फैशन शो के बढ़ते क्रेज के कारण आज के समय में मेकअप आर्टिस्ट की डिमांड आसमान छू रही है। यह पूरी तरह से एक क्रिएटिव और हुनर-आधारित काम है। इसके लिए किसी किताबी ज्ञान की जरूरत नहीं है, बस आपके हाथों में जादू होना चाहिए। किसी कालेज की डिग्री के बजाय आपको बस विभिन्न स्किन टोन्स, कलर थ्योरी और लेटेस्ट ब्यूटी ट्रेंड्स की समझ होनी चाहिए। आप किसी बड़े सैलून के साथ जुडक़र, मशहूर हस्तियों के पर्सनल स्टाइलिस्ट बनकर या फ्रीलांसर के रूप में काम करके हर महीने मोटी रकम कमा सकते हैं। सलॉन में काम करने से लेकर फ्रीलांसिंग तक, आप जितना बेहतरीन काम करेंगे और जैसे क्लाइंट्स बनाएंगे, कमाई भी उतनी ही बढ़ती जाएगी।
महीना औसत सैलरी: लगभग 50,000-1,00,000 रुपए तक महीने। सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट या फ्रीलांसर के रूप में काम करने पर प्रति ब्राइडल असाइनमेंट ही 50,000 से 1,000,00 रुपए तक की कमाई हो सकती है।
फोटोग्राफर
कहा जाता है कि एक तस्वीर एक हजार शब्दों के बराबर होती है और इसे सच करते हैं फोटोग्राफर्स। वाइल्डलाइफ, फैशन, वेडिंग या फिर प्रोडक्ट फोटोग्राफी के क्षेत्र में आज अपार संभावनाएं हैं। इस करियर के लिए आपके पास बस एक अच्छा कैमरा, सही लाइटिंग की समझ और फोटो एडिटिंग की कला होनी चाहिए। किसी कालेज डिग्री की तुलना में आपका खुद का तैयार किया गया पोर्टफोलियो (काम का सैंपल) आपको बड़े प्रोजेक्ट्स दिलाने में मदद करता है।
महीना औसत सैलरी: लगभग 30000-3,00,000 रुपए तक। कामर्शियल, फैशन या बड़े वेडिंग फोटोग्राफर्स सालाना 10 लाख से अधिक कमा लेते हैं।
शेफ या हैड कुक
स्वाद के शौकीनों के लिए यह लाजवाब करियर है। हालांकि कुछ लोग होटल मैनेजमेंट का कोर्स करते हैं, लेकिन इस इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा कद्र तजुर्बे की होती है। आप किसी किचन में बतौर हेल्पर या लाइन कुक शुरुआत करके, पांच-छह साल की कठोर मेहनत और कुकिंग के प्रति जुनून के दम पर हैड शेफ की कुर्सी तक पहुंच सकते हैं।
सालाना औसत सैलरी: 5,40,000 रुपए
कामर्शियल पायलट
अगर आपका सपना आसमान छूने का है और आपको घूमना पसंद है, तो कामर्शियल पायलट का करियर आपके लिए सबसे बेहतरीन है। पैसेंजर प्लेन या कार्गो विमान उड़ाने के लिए आपको किसी भारी-भरकम कालेज डिग्री की आवश्यकता नहीं होती। इसके लिए उम्मीदवार का केवल 12वीं (साइंस स्ट्रीम) पास होना जरूरी है। इसके बाद आपको नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा मान्यता प्राप्त फ्लाइंग स्कूल से ट्रेनिंग पूरी कर कामर्शियल पायलट लाइसेंस (सीपीएल) हासिल करना होता है। यहां हर पल आपकी स्किल्स का टेस्ट होता है और जिम्मेदारी बड़ी होती है।
सालाना औसत सैलरी: लगभग 24,00,000 रुपए (शुरुआती सैलरी 12 लाख से लेकर अनुभव के साथ 40 लाख रुपए या उससे अधिक तक जा सकती है)।
ट्रैवल कंसलटेंट
जिन्हें नई-नई जगहों पर घूमना, वहां के होटलों, रूट और टूरिस्ट स्पॉट्स की गहरी समझ रखना पसंद है, वे ट्रैवल कंसलटेंट के रूप में एक बेहतरीन करियर बना सकते हैं। इनका मुख्य काम ग्राहकों के लिए बजट के अनुकूल पूरा ट्रैवल प्लान, टिकट बुकिंग और होटल रिजर्वेशन संभालना होता है। इस प्रोफेशन में आपकी बातचीत करने की कला और नेटवर्किंग ही आपकी सबसे बड़ी डिग्री होती है। जैसे-जैसे आपके क्लाइंट्स बढ़ते हैं, आपकी कमाई लाखों में पहुंच जाती है।
महीना औसत सैलरी: लगभग 40000 रुपए से लेकर 3,50,000 रुपए तक महीने में। फिक्स्ड सैलरी के अलावा बुकिंग्स पर मिलने वाले इन्सेंटिव और कमीशन के कारण यह कमाई काफी बढ़ जाती है।
वेडिंग प्लानर
भारत में शादियों को एक बड़े उत्सव की तरह मनाया जाता है और यही कारण है कि वेडिंग प्लानिंग का बिजनेस बहुत तेजी से बढ़ा है। अच्छा वेडिंग प्लानर बनने के लिए किसी डिग्री की नहीं, बल्कि आपके पास मैनेजमेंट स्किल्स, क्रिएटिविटी और मुश्किल हालातों को संभालने का क्विक दिमाग होना चाहिए। वेन्यू डेकोरेशन से लेकर कैटरिंग और मेहमानों के स्वागत तक, सब कुछ व्यवस्थित करने वाले वेडिंग प्लानर्स बिना किसी डिग्री के एक-एक प्रोजेक्ट के लाखों रुपए चार्ज करते हैं। वेंडर्स के साथ तालमेल बिठाना और क्लाइंट के बजट में बेस्ट शादी ऑर्गेनाइज करना ही इस काम की यूएसपी है। जब शादियों का सीजन डाउन हो तो आप अन्य इवेंट्स ऑर्गेनाइज करवा सकते हैं।
महीना औसत सैलरी: लगभग 6,00,000 रुपए । एक बड़े हाई-प्रोफाइल प्रोजेक्ट या सीजन के हिसाब से यह कमाई 15 से 20 लाख तक भी पहुंच जाती है।
डॉग ट्रेनर
अगर आपको जानवरों से प्यार है और आप उनकी भाषा समझते हैं, तो डॉग ट्रेनिंग बेहतरीन करियर है। पालतू जानवरों को तमीज सिखाना हो या उन्हें सर्विस एनिमल बनाना, डॉग ट्रेनर का काम खूब डिमांड में रहता है। इसके लिए किसी डिग्री की नहीं, बल्कि जानवरों के बिहेवियर और उनके डर या एंग्जायटी को समझने के हुनर की जरूरत होती है।
सालाना औसत सैलरी: 7,20,000 रुपए
यहां भी खुलेंगे रोजगार के द्वार
डिजिटल मार्केटिंग
डिजिटल इंडिया के दौर में यह सबसे तेजी से बढ़ता हुआ फील्ड है।
ये सीखेंगे: एसईओ, सोशल मीडिया मार्केटिंग, गूगल एड्स, कंटेंट स्ट्रेटेजी।
यहां मिलेगा काम: कंपनियां, स्टार्टअप्स, ई-कॉमर्स, फ्रीलांसिंग
शुरुआती सैलरी: 15,000-40,000/महीना (अनुभव के साथ तेजी से बढ़ती है)।
खास बात: घर बैठे भी काम करने का मौका।
ग्राफिक डिजाइनिंग
क्रिएटिव माइंड वाले लोगों के लिए यह बेहतरीन ऑप्शन है।
ये सीखेंगे: फोटोशॉप, इलस्ट्रेटर, यूआई/यूएक्स डिजाइन।
यहां मिलेगा काम: मीडिया हाउस, विज्ञापन एजेंसियां, स्टार्टअप्स।
स्कोप: सोशल मीडिया कंटेंट से लेकर ब्रांडिंग तक हर जगह डिमांड।
बोनस: फ्रीलांसिंग से इंटरनेशनल क्लाइंट्स भी मिल सकते हैं।
कंटेंट राइटिंग
अगर आपको लिखने का शौक है, तो यह करियर आपके लिए परफेक्ट है।
ये सीखेंगे: एसईओ राइटिंग, ब्लॉगिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग
यहां मिलेगा काम: वेबसाइट्स, न्यूज पोर्टल, कंपनियां
स्कोप: हिंदी और इंग्लिश दोनों में तेजी से बढ़ती डिमांड
बोनस: घर बैठे काम और फ्रीलांसिंग के मौके।
वीडियो एडिटिंग
वीडियो कंटेंट के बढ़ते ट्रेंड ने इस स्किल को जरूरी बना दिया है।
ये सीखेंगे: प्रीमियम प्रो, आफ्टर इफ्ेक्ट्स, स्टोरीटेलिंग।
यहां मिलेगा काम: यूट्यूब, फिल्म इंडस्ट्री, मीडिया, डिजिटल एजेंसियां
कमाई: 20,000 से लेकर लाखों तक (फ्रीलांसिंग में ज्यादा स्कोप)।
ट्रेंड: रील्स और शॉर्ट वीडियो के कारण डिमांड लगातार बढ़ रही है।
साइबर सिक्योरिटी
डाटा चोरी और ऑनलाइन फ्रॉड बढऩे के कारण इस फील्ड की डिमांड तेजी से बढ़ रही है।
ये सीखेंगे: एथिकल हैकिंग, नेटवर्क सिक्योरिटी, डाटा प्रोटेक्शन।
यहां मिलेगा काम: आईटी कंपनियां, बैंकिंग सेक्टर, सरकारी संस्थान।
सैलरी: 4-10 लाख रुपये सालाना (एक्सपर्ट बनने पर और ज्यादा)
खासियत: हाई-डिमांड + हाई-पेइंग करियर।
इसलिए खास हैं ये कोर्स
– कम समय (तीन-छह महीने) में पूरे किए जा सकते हैं।
– कम फीस या कई बार फ्री में उपलब्ध।
– जॉब/रेडी स्किल्स सिखाते हैं।
– डिग्री के बिना भी करियर शुरू करने का मौका।
– फ्रीलांसिंग और पार्ट-टाइम इनकम के ऑप्शन।
– वर्क फ्रॉम होम ऑप्शन: खासकर डिजिटल मार्केटिंग, कंटेंट और डिजाइनिंग में।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

