Solan News: सड़क पर गिरा विशाल पेड़, वाहन दबा, टला बड़ा हादसा
ब्यूरो, कुनिहार
कुनिहार-सोलन मुख्य मार्ग पर पीएनबी बैंक के समीप शुक्रवार को विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में एक वाहन भी आ गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई राहगीर या वाहन चालक इसकी चपेट में नहीं आया और किसी प्रकार का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, पेड़ गिरने से मार्ग पर करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने पेड़ को हटाकर यातायात बहाल किया।
घटना के दौरान लोगों में दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस पेड़ के खतरनाक होने की जानकारी पहले भी कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को दी गई थी। बावजूद इसके समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, कर्मचारी और स्थानीय लोग आवाजाही करते हैं। यदि यह पेड़ व्यस्त समय में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय ग्रामीण प्रदीप, मुकेश, अजय, अरविंद, राकेश, मनमोहन, राजेश, गोपाल, आयुष, प्रदीप, लखनपाल, राजेंद्र, रामलाल और प्रीतम सहित अन्य लोगों ने सरकार और प्रशासन से सड़क किनारे खड़े जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों का तत्काल सर्वेक्षण कर उन्हें हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

