इन सर्विस शिक्षकों के लिए स्पेशल टेट, प्रदेशभर के सैकड़ों अध्यापकों को राहत

By: Jul 16th, 2026 12:01 am

शिक्षा विभाग ने लिया फैसला 

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल सरकार इन सर्विस शिक्षकों के लिए स्पेशल टेट करवाने जा रही है। इसके लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड को शिक्षा विभाग की ओर से जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। एक वर्ष में तीन बार स्कूल शिक्षा बोर्ड को इस परीक्षा को अमलीजामा पहनाने को लेकर निर्देश दिए गए हैं। वहीं इन सर्विस शिक्षकों को दो के बजाय अब तीन वर्षों के भीतर यह परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए समय दिया गया हैं।

शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश भर में वर्ष 2010 से पहले बिना टेट उत्तीर्ण शिक्षकों का डाटा मांगा गया है। मिली जानकारी के अनुसार राज्य में अभी तक करीब साढ़े सात हजार ऐसे शिक्षक हैं जो वर्ष 2010 से पहले तैनात हैं और उन्होंने टेट पास नहीं किया है, लेकिन अब इसमें एक और शर्त भी जुड़ गई है जिससे शिक्षकों को भारी राहत मिली है। राज्य में ऐसे शिक्षक जो कि पांच वर्षों के भीतर रिटायर हो जाएंगे उन्हें इस परीक्षा से जरूर छूट मिलेगी। बताया जा रहा है कि इस साल भी बोर्ड इन सर्विंस शिक्षकों के लिए टेट परीक्षा आयोजित करेगा। इसके साथ ही सभी संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को सुनिश्चित करना होगा कि ऐसे शिक्षक निर्धारित समय सीमा के भीतर टेट उत्तीर्ण करें।

पांच हजार शिक्षक होंगे सेवानिवृत्त

मिली जानकारी के अनुसार राज्य में पांच हजार के करीब ऐसे शिक्षक तैनात हैं जो कि पांच वर्ष की अवधि के दौरान ही सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। ऐसे में राज्य में 2500 शिक्षक ही ऐसे बचेंगे जिन्हें यह परीक्षा देनी होगी।

एक सप्ताह में मांगा डाटा

शिक्षा विभाग ने एक सप्ताह के भीतर प्रारंभिक शिक्षा विभाग से इसकी पूरी जानकारी मांगी है, जिन्होंने अभी तक परीक्षा उत्तीर्ण नहीं की है उनकी विस्तृत सूची तैयार करने को भी कहा गया है।

परीक्षा पास करने को दिए गए है तीन साल

निदेशालय के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने रिव्यू पिटीशन (सिविल) संख्या 53434/2025 में दिए आदेश के तहत कार्यरत शिक्षकों को टेट पास करने के लिए पहले निर्धारित दो वर्ष की अवधि बढ़ाकर तीन वर्ष कर दी है। अब सभी संबंधित शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक अनिवार्य रूप से टेट उत्तीर्ण करना होगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा तक टैट पास नहीं करने वाले शिक्षकों की सेवाएं नियमों के अनुसार समाप्त की जा सकती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App