एक कैडर, दो पदनाम पर प्रवक्ता संघ नाराज

By: Jul 26th, 2026 12:45 am

प्रवक्ता का दोहरा नामकरण खत्म कर सभी के लिए एक समान पोस्ट की उठाई मांग
नगर संवाददाता-चंबा
हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने एक ही कैडर में कार्यरत प्रवक्ताओं के लिए अलग-अलग पदनाम किए जाने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है। संघ ने स्पष्ट किया है कि ‘स्कूल प्रवक्ता’ और ‘प्रवक्ता (स्कूल न्यू)’ का दोहरा नामकरण न केवल अव्यावहारिक और तर्कहीन है बल्कि यह प्रवक्ता वर्ग के साथ किया जा रहा स्पष्ट अन्याय तथा गरिमा के विपरीत है। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष दीप सिंह खन्ना, मुख्य विधिक सलाहकार राजेश शर्मा, राज्य के वरिष्ठ उपाध्यक्ष शौकत अली, सूरज बाली, राज्य के संगठन सचिव राज दीन और चंबा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव ठाकुर और डा अत्तर सिंह जिला चंबा के वित्त सचिव प्रताप नेगी, राज्य कार्यकारिणी के सदस्य राजीव ठाकुर, राज कुमार संजय ठाकुर, हरविंद्र सिंह, संयुक्त सचिव अभिमन्यु ठाकुर जिला महिला विंग की चेयरमैन सुमन पठानिया और सचिव पूजा शर्मा, जिला संचालन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा और भुवनेश्वर, मुख्य आडिटर बालक राम शर्मा, मुख्य सलाहकार ज्ञान भारद्वाज, मुख्य संगठन सचिव जगजीत जरयाल, मुख्य वैब सचिव विनोद टंडन, मुख्य प्रेस सचिव आशीष ठाकुर, भरमौर उपमंडल के अध्यक्ष कृष्ण पखरेटिया तीसा उपमंडल के अध्यक्ष नीम राज कौशल, डलहौजी के सुनील मांडला भटियात के बलवान डढवाल ने कहा कि वर्ष 2010 के बाद नियुक्त एवं पदोन्नत प्रवक्ताओं को आरंभ में पीजीटी का पदनाम दिया गया था।

इसके पश्चात वर्ष 2019 में इसमें संशोधन करते हुए ‘प्रवक्ता (स्कूल न्यू)’ नामकरण कर दिया गया। विडंबना यह है कि एक ही कैडर में कार्यरत सभी प्रवक्ताओं की शैक्षणिक योग्यता, कार्य-दायित्व, सेवा-शर्तें तथा पद की प्रकृति मूल रूप से समान हैं। इसके बावजूद एक ही कैडर के लिए दो अलग-अलग पदनाम रखना समानता और न्याय के सिद्धांतों के बिल्कुल विपरीत है। आज स्कूल प्रवक्ता नई शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप कक्षा छठी से बारहवीं तक शिक्षण कार्य कर रहे हैं। जब कार्य, दायित्व, योग्यता और पद की प्रकृति समान है तो फिर पदनाम में यह भेदभाव क्यों?। उन्होंने सरकार से इस विसंगति को तत्काल दूर करने की पुरजोर मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App