TMC में पीजी सीटें बढ़ाएगी सरकार, शांडिल बोले, लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर दिया जा रहा जोर
मंत्री शांडिल बोले, लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर दिया जा रहा जोर
अस्पतालों में 75 करोड़ से बनेंगी अत्याधुनिक लैब
कार्यालय संवाददाता — शिमला
प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र के व्यापक कायाकल्प की दिशा में तेजी से काम कर रही है। राज्य के चिकित्सा संस्थानों को देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों को प्रदेश में ही आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। यह बात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने शुक्रवार को शिमला से वीडियो कॉन्फे्रंसिंग के माध्यम से टीएमसी की रोगी कल्याण समिति की गवर्निंग बॉडी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि टांडा मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या बढ़ाने, मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी पाठ्यक्रम तथा नर्सिंग छात्राओं के लिए बेहतर अधोसंरचना विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके अलावा अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए हाई-परफॉर्मेंस लिक्विड क्रोमैटोग्राफी कंटीन्यूअस रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी और हीमोडायाफिल्ट्रेशन (एचडीएफ) डायलिसिस मशीनें स्थापित की जा चुकी हैं। अस्पताल परिसर में पार्किंग सुविधा का भी विस्तार किया जाएगा। बैठक में पिछले तीन वित्तीय वर्षों की उपलब्धियों और कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार का सबसे बड़ा लक्ष्य मरीजों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज, चमियाणा, आईजीएमसी शिमला और टीएमसी में आधुनिक ऑटोमेटेड लैब स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इन प्रयोगशालाओं के शुरू होने से मरीजों को जांच रिपोर्ट कम समय में और अधिक सटीकता के साथ मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी चिकित्सा महाविद्यालयों और बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में दशकों पुरानी मशीनों को हटाकर नई अत्याधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं। एमआरआई, सीटी स्कैन, डिजिटल रेडियोग्राफी और डिजिटल मैमोग्राफी जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही डॉक्टरों, प्रोफेसरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की बड़े स्तर पर भर्ती की जा रही है, जिससे मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

