लोअर बाजार में कार्रवाई को लेकर भडक़े तहबाजारी

By: Jul 7th, 2026 12:02 am

14 तहबाजारियों का सामान जब्त, सीटीओ चौक पर सडक़ पर बैठे तहबाजारी, नगर निगम-पुलिस का रास्ता रोका; तीन दिन चलेगा अभियान

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
राजधानी में सोमवार को लोअर बाजार से तहबाजारियों को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई के दौरान सीटीओ चौक पर जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में तहबाजारी सीटीओ चौक पर एकत्रित हो गए और सडक़ पर बैठकर नगर निगम एवं पुलिस की टीम का रास्ता रोक दिया। इससे पहले भी तहबाजारियों ने नगर निगम और नगर निगम आयुक्त के फैसले के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। तहबाजारियों के अचानक सडक़ पर बैठने से मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि नगर निगम बिना किसी स्थायी वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाना चाहता है, जिससे उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। उनका कहना था कि वे वर्षों से छोटे कारोबार के जरिए परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।

उन्होंने लोअर बाजार से न हटाने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की मांग की। तहबाजारियों ने यह भी कहा कि आजीविका भवन में शिफ्ट करने का प्रस्ताव व्यावहारिक नहीं है, क्योंकि वहां पहले से कारोबारी परेशान हैं और उन्हें पर्याप्त आय नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उचित स्थान मिलने तक वे नहीं हटेंगे। नगर निगम और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर सडक़ खाली करवाई। हालांकि सडक़ से हटने के बाद भी तहबाजारी नगर निगम की कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों के आगे नारेबाजी करते हुए शेर-ए-पंजाब तक पहुंचे। इस दौरान नगर निगम की टीम ने लोअर बाजार में सडक़ और निकास नालियों पर सामान सजाने वाले चार दुकानदारों का सामान जब्त किया। इसके बाद टीम मॉल रोड होते हुए लक्कड़ बाजार और आईजीएमसी क्षेत्र पहुंची, जहां 10 तहबाजारियों का सामान जब्त किया गया। पहले दिन कुल 14 लोगों का सामान जब्त किया गया। नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि पहले दिन चेतावनी देने का इरादा था, लेकिन विरोध और बहस के चलते नियमानुसार सामान जब्त करना पड़ा। नगर निगम ने अदालत के आदेशों के अनुसार पुलिस के सहयोग से तीन दिन तक लगातार अभियान चलाने का निर्णय लिया है। निगम ने चेतावनी दी है कि दुकान के बाहर या निकास नालियों पर सामान रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। ऐसे मामलों में नगर निगम आयुक्त जुर्माना भी तय करेंगे, जबकि कार्रवाई में बाधा डालने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हम पहले ही पत्र और नोटिस जारी कर तहबाजारियों को स्थानांतरित होने के लिए कह चुके हैं। इसके बाद भी यदि वे नहीं हटते और निगम की कार्रवाई में बाधा डालते हैं, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -डाक्टर भूवन शर्मा, संयुक्त आयुक्त, एमसी शिमला


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App