छात्र नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी, मेधावियों की उपलब्धियों को मिला सम्मान
छात्र नेताओं ने संभाली जिम्मेदारी, मेधावियों की उपलब्धियों को मिला सम्मान, बैज के साथ मिली जिम्मेदारी
स्टाफ रिपोर्टर – घुमारवीं
शिवा इंटरनेशनल स्कूल घुमारवीं में बुधवार को पदग्रहण समारोह एवं मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को शपथ दिलाकर उनके दायित्व सौंपे गए, वहीं दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और विद्यालय गीत से हुआ। प्रधानाचार्या डा. शिल्पा गोयल ने मुख्य अतिथि, विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर पुरुषोत्तम शर्मा, कार्यकारी निदेशक मधु शर्मा, आयुष शर्मा, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और सेवा का माध्यम है।
मुख्य अतिथि डीएसपी विशाल वर्मा ने हेड बॉय, हेड गर्ल, हाउस कैप्टन, वाइस कैप्टन, स्पोट्र्स कैप्टन तथा प्रीफेक्ट्स को बैज और सैश पहनाकर पदभार ग्रहण कराया। छात्र परिषद के सदस्यों ने विद्यालय की गरिमा, अनुशासन और परंपराओं को बनाए रखने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की शपथ ली। इसके बाद आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह में कक्षा दसवीं और बारहवीं के बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। डीएसपी विशाल वर्मा ने विद्यार्थियों की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।
सच्चा नेतृत्व जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा.भाव पर आधारित होता है। छात्र नेता अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनें और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं भी दूर रहें तथा दूसरों को भी जागरूक करें
विशाल वर्मा, डीएसपी, घुमारवीं
छात्रों से खास अपील
उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या अभिभावकों को देने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक इंजीनियर पुरुषोत्तम शर्मा ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

