समर स्कूलों में 12 जुलाई से 12 अगस्त तक छुट्टियां, 13 अगस्त से लौटेगी रौनक

By: Jul 7th, 2026 11:48 pm

कार्यालय संवाददाता-शिमला

हिमाचल प्रदेश के समर वेकेशन वाले स्कूलों में एक माह का अवकाश रहेगा। राज्य के सरकारी स्कूलों में वार्षिक मानसून अवकाश का कार्यक्रम जारी हो गया है। शिक्षा विभाग के तय शेड्यूल के अनुसार प्रदेश इन स्कूलों में 12 जुलाई से 12 अगस्त तक एक माह की छुट्टियां रहेंगी। विद्यार्थी और शिक्षक नियमित कक्षाओं से अवकाश पर रहेंगे। प्रदेश में हर वर्ष बरसात के मौसम को देखते हुए समर वेकेशन स्कूलों में जुलाई-अगस्त के दौरान मानसून अवकाश दिया जाता है। लगातार बारिश, भूस्खलन और सडक़ें बंद होने जैसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था वर्षों से लागू है। छुट्टियों के दौरान स्कूलों में नियमित शिक्षण कार्य बंद रहेगा।

13 अगस्त से लौटेगी रौनक

निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद 13 अगस्त से सभी समर वेकेशन स्कूलों में कक्षाएं फिर से शुरू होंगी। प्रदेश में समर और विंटर, दोनों तरह के स्कूल संचालित होते हैं। जहां समर वेकेशन स्कूलों में मानसून के दौरान अवकाश रहता है, वहीं विंटर वेकेशन स्कूलों में सर्दियों के मौसम में लंबी छुट्टियां दी जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App