CM सुक्खू और प्राथमिक शिक्षक संघ की बातचीत बेनतीजा, आज से सरकार के खिलाफ करेंगे प्रदर्शन
कार्यालय संवाददाता-शिमला
हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के बीच शनिवार को सचिवालय में स्कूल कॉम्प्लेक्स (न्यू कॉम्प्लेक्स सिस्टम) सहित विभिन्न मांगों को लेकर हुई महत्त्वपूर्ण बैठक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। मुख्यमंत्री ने इस व्यवस्था की समीक्षा के लिए एक समिति गठित कर प्राथमिक शिक्षकों के हितों को सुरक्षित रखने वाले संशोधन करने का आश्वासन दिया, लेकिन संघ ने स्पष्ट कर दिया कि जब तक संशोधन लागू नहीं किए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ ने घोषणा की है कि 26 जुलाई को शिमला के चौड़ा मैदान में धरना-प्रदर्शन होगा। मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव राकेश कंवर तथा शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
पीछे नहीं हटेंगे
संघ ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार की ओर से केवल समिति गठन का आश्वासन पर्याप्त नहीं है। जब तक स्कूल कॉम्प्लेक्स प्रणाली में प्राथमिक शिक्षकों के हितों के अनुरूप संशोधन कर अधिसूचना में बदलाव नहीं किया जाता, तब तक धरना, क्रमिक अनशन और अन्य आंदोलनात्मक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

