जनगणना ड्यूटी से पहले आना होगा स्कूल, शिक्षकों को नौ से साढ़े 11 बजे तक करवानी होगी स्टडी, फिर फील्ड में देंगे सेवाएं
कार्यालय संवाददाता-शिमला
स्कूलों में सेवाएं देने वाले शिक्षक जनगणना ड्यूटी के लिए साढ़े 11 बजे के बाद अपने कार्य के लिए निकल सकते हैं। इससे पहले उन्हें सुबह नौ से साढ़े 11 बजे तक स्कूलों में अपनी सेवाएं देनी होगी और स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी पूरी करवानी होगी। इस संबंध में शिक्षकों को बड़ी राहत देते हुए उप निदेशक उच्च शिक्षा एवं उप निदेशक स्कूल शिक्षा ऊना ने सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं मुख्याध्यापकों को तत्काल प्रभाव से नए निर्देश जारी किए हैं। यह आदेश हिमाचल प्रदेश गवर्नमेंट टीजीटी आट्र्स एसोसिएशन के अनुरोध और जिला जनगणना अधिकारी (डीसी ऊना) के निर्देशों के आधार पर जारी किया गया है, ताकि जनगणना का कार्य भी समयबद्ध तरीके से पूरा हो और विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित न हो।
समयसारिणी में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनगणना ड्यूटी पर लगे शिक्षकों के शेष पीरियड अन्य उपलब्ध शिक्षकों में बांटे जाएंगे। इसके लिए स्कूलों को समयसारिणी (टाइम-टेबल) में आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
स्कूल प्रमुखों को आदेश
उप निदेशक स्कूल शिक्षा ऊना ने सभी स्कूल प्रमुखों को निर्देश दिए हैं कि आदेशों का तत्काल और पूरी गंभीरता के साथ पालन सुनिश्चित किया जाए। जनगणना कार्य में लगे प्रत्येक शिक्षक को रोजाना ठीक 11:30 बजे कार्यमुक्त किया जाएगा, ताकि वे अपनी जनगणना संबंधी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App

